नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। पिछले 12 दिनों से अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे संयुक्त सफाई कर्मचारी कामगार संघर्ष मोर्चा और वाल्मीकि सेना के कर्मचारियों ने मंगलवार को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के निवास की ओर रैली निकालकर प्रदर्शन किया।
हालांकि पुलिस ने हाईकोर्ट क्षेत्र के आगे लैंटर्न चौराहे पर ही प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। अधिकारियों की समझाइश के बाद कर्मचारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
इंदौर नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की प्रमुख मांग नगर निगम में नियमित कर्मचारियों के रूप में शामिल किए जाने सहित अन्य 12 मांगों को लेकर थी। आंदोलन के दौरान नगर निगम के एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया और आश्विन शुक्ल कर्मचारियों से चर्चा करने पहुंचे। उन्होंने सात मांगों पर सहमति जताई, लेकिन प्रदर्शनकारी सभी 12 मांगों पर सकारात्मक निर्णय की मांग पर अड़े रहे और प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।
इसके बाद बड़ी संख्या में कर्मचारी रैली के रूप में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के निवास पर ज्ञापन देने और घेराव के लिए रवाना हुए। जहां लैंटर्न चौराहे पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ओमप्रकाश और एसीपी विनोद दीक्षित के नेतृत्व में पुलिस बल ने उन्हें बैरिकेटिंग कर रोक लिया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विधानसभा सत्र के चलते भोपाल में हैं तथा कर्मचारियों का ज्ञापन संबंधित विभाग तक पहुंचा दिया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। इस दौरान कांग्रेस के शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे भी मौके पर पहुंचे और आंदोलन का समर्थन करते हुए नगर निगम से सभी सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक वापस लौट गए।




No comments:
Post a Comment