Breaking

Your Ads Here

Tuesday, June 2, 2026

मेरठ क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस लाइन स्वास्थ्य केंद्र की अनूठी पहल

माँ आरोग्य मित्रों को मिला बिना ब्याज ऋण, स्वरोजगार से बनेंगी आत्मनिर्भर 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में पुलिस लाइन स्वास्थ्य केंद्र एवं डूडा (DUDA) विभाग द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। इस पहल के अंतर्गत माँ आरोग्य मित्रों को स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ₹15,000 तक का बिना ब्याज ऋण प्रदान किया गया है, जिससे वे अपना स्वयं का कार्य प्रारंभ कर आत्मनिर्भर बन सकें।


पुलिस लाइन स्वास्थ्य केंद्र की इस अभिनव पहल के माध्यम से लाभार्थी महिलाओं को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना एवं मुख्यमंत्री उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना तथा उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। स्वास्थ्य केंद्र द्वारा संचालित "माँ आरोग्य मित्र एवं आशा केंद्र कार्यक्रम" के अंतर्गत कार्यरत माँ आरोग्य मित्र एवं आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। अब स्वरोजगार से जुड़ने के बाद ये महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करेंगी, बल्कि समाज में अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत बनेंगी।


कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ महिलाओं के आर्थिक उत्थान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बिना ब्याज ऋण की सुविधा से लाभार्थी महिलाएं छोटे व्यवसाय, घरेलू उद्योग अथवा अन्य स्वरोजगार गतिविधियां प्रारंभ कर सकती हैं।


पुलिस लाइन स्वास्थ्य केंद्र की यह पहल स्वास्थ्य सेवा, महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को एक साथ जोड़ने का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रही है। स्थानीय स्तर पर इस कार्यक्रम की व्यापक सराहना की जा रही है और उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ प्राप्त कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here