Breaking

Your Ads Here

Friday, June 5, 2026

वर्दी का रौब, पहचान का धोखा; नकली पुलिसकर्मी हत्थे चढ़ा



नित्य संदेश ब्यूरो

किठौर। थाना पुलिस ने पुलिस विभाग की छवि का दुरुपयोग कर लोगों को गुमराह करने वाले एक शातिर युवक को गिरफ्तार कर सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस कर्मचारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ता था और विभिन्न स्थानों पर अनुचित लाभ लेने का प्रयास करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से पुलिस पी-कैप, उत्तर प्रदेश पुलिस का परिचय पत्र, मोबाइल फोन तथा पुलिस स्टिकर लगी कार बरामद करने का दावा किया है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को थाना किठौर पुलिस की टीम मवाना तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध टाटा पंच कार यूपी 15 ईके 4326 को रोककर जांच की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अमित पुत्र नेपाल सिंह निवासी ग्राम अमीनाबाद उर्फ बड़ागांव, थाना परीक्षितगढ़ बताया और स्वयं को पुलिस विभाग का कर्मचारी होने का दावा किया। आरोपी ने अपने मोबाइल फोन में पुलिस वर्दी पहने हुए तस्वीरें दिखाकर पुलिसकर्मी होने की बात कही, लेकिन उसके जवाबों और व्यवहार पर पुलिस को संदेह हो गया। जब उससे विभागीय कार्यप्रणाली और सेवा संबंधी जानकारी पूछी गई तो वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उसकी गहन जांच पड़ताल की। 

तलाशी के दौरान उसके पास से एक पुलिस पी-कैप, उत्तर प्रदेश पुलिस का परिचय पत्र और मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस विभाग में कार्यरत नहीं है। वह फर्जी तरीके से पुलिसकर्मी का रूप धारण कर अपनी कार पर पुलिस का स्टिकर लगाकर घूमता था और चेकिंग अभियान, टोल प्लाजा तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को प्रभावित कर विशेष सुविधाएं हासिल करने की कोशिश करता था।

पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी के मोबाइल फोन में मौजूद पुलिस वर्दी वाली फोटो वास्तव में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक की मदद से तैयार की गई थी। जिसका उपयोग वह लोगों को धोखा देने और खुद को पुलिसकर्मी साबित करने के लिए करता था। किठौर थाना इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि थाना किठौर पुलिस ने आरोपी अमित को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही बरामद वाहन को कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here