नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शास्त्री नगर नई सड़क स्थित भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा जी के कैंप कार्यालय पर शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट सेक्टर -दो - की सैकड़ों की संख्या में मातृशक्ति एवं बहनों ने पहुँचकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपनी पीड़ा व्यक्त की और कहा कि वह बीते 10 अप्रैल से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन आवास विकास परिषद के अधिकारी लगातार उन्हें परेशान कर रहे हैं तथा उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बहनों ने भावुक होकर कहा कि उनके 30 मीटर, 35 मीटर, 40 मीटर एवं 50 मीटर के छोटे-छोटे मकान और दुकानें टूटने की कगार पर हैं, रोज़गार समाप्त हो चुका है, बच्चों का भविष्य संकट में है और परिवारों के सामने खाने-पीने तथा दवाइयों तक का संकट खड़ा हो गया है।
इस दौरान जगरोशनी, शीतल, सरोजनी, सुषमा, शांति, निर्मला देवी, कांती देवी, सुदेश वर्मा, सुनीता कन्नोजिया, गीता, सुषमा बंसल, राधा गुप्ता, शालू शर्मा, कुसुम, प्रवेश, सुषमा महेश्वर, नीलम कन्नोजिया सहित सैकड़ों की संख्या में बहनों ने विनीत अग्रवाल शारदा को राखी एवं रक्षा सूत्र बांधते हुए कहा कि “आज हम आपको अपना भाई मानकर आए हैं, अब हमारी रक्षा करना आपका दायित्व है। हमारी राखी प्रदेश के मुखिया आदरणीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी तक पहुँचाइए और उनसे कहिए कि उनकी बहनें आज संकट में हैं, उनके घर और रोज़गार बचा लिए जाएं।” बहनों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री आदरणीय श्री योगी आदित्यनाथ जी के जन्मदिन पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की तथा भावुक स्वर में कहा कि “आज जन्मदिन पर हमारी राखी और हमारी पीड़ा हमारे भाई योगी आदित्यनाथ जी तक अवश्य पहुँचा दीजिए।”
वहीं सेंट्रल मार्केट सेक्टर -दो व्यापार संघ के अध्यक्ष मनोज गर्ग हरि पुजानी ध्रुव प्रसाद भाजपा के वरिष्ठ नेता ,आलोक सिसोदिया ,नरेंद्र राष्ट्रवादी अजय बंसल ,व्यापारी नेता उमेश अग्रवाल शारदा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मातृशक्ति की पीड़ा सुनकर विनीत अग्रवाल शारदा भावुक हो उठे और उन्होंने कहा कि “आज मेरी बहनों ने जो रक्षा सूत्र मेरे हाथ में बांधा है, उसे मैं जीवन भर सम्मान दूँगा। सर्वोच्च न्यायालय का सम्मान करते हुए मैं यह संकल्प लेता हूँ कि अपनी माता-बहनों के घरों को उजड़ने नहीं दूँगा। हमारी सरकार, भारतीय जनता पार्टी का पूरा नेतृत्व और सभी जनप्रतिनिधि लगातार प्रयास कर रहे हैं कि शास्त्री नगर एवं सेंट्रल मार्केट की दुकानों और मकानों को कैसे सुरक्षित रखा जाए। मेरी माता-बहनों की आँखों के आँसू मेरे लिए मोती हैं और मैं उन्हें सड़क पर गिरने नहीं दूँगा। राष्ट्र मेरा धर्म है, पार्टी मेरी माँ है और माता-बहनों का सम्मान मेरे लिए सर्वोपरि है। मेरी माता-बहनों के शरीर के पसीने की एक भी बूंद व्यर्थ नहीं जाएगी, शारदा के शरीर की एक-एक बूंद खून की कत्तर मेरी माता-बहनों के सम्मान और संघर्ष में काम आएगी।”
विनीत शारदा ने बहनों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि “मैं पहले भी दो बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर आपकी आवाज़ को प्रमुखता से उठा चुका हूँ। जब मेरठ में देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी का आगमन हुआ था, तब भी मैं आप सभी की समस्याओं एवं भावनाओं से जुड़ा मानपत्र उन्हें सौंप चुका हूँ। अब मैं पुनः मुख्यमंत्री को पत्र लिखूँगा, उनसे मिलने का समय माँगूँगा और आप सभी बहनों द्वारा मेरे हाथ में बांधी गई राखी को उनके पास पहुँचाकर आपकी पीड़ा, आपके आँसू और आपकी सभी समस्याओं को उनके समक्ष रखने का पूरा प्रयास करूँगा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारी संवेदनशील सरकार और प्रदेश के मुखिया आपकी भावनाओं को समझेंगे तथा आपकी समस्या के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करेंगे।”
इसी दौरान बहनों ने आवास विकास परिषद के अधिकारियों पर अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाया, जिस पर विनीत शारदा जी ने तत्काल आवास विकास परिषद के डिप्टी कमिश्नर श्री अनिल सिंह से फोन पर वार्ता कर स्पष्ट कहा कि “अदालत के आदेशों का सम्मान करते हुए कार्य कीजिए, लेकिन किसी भी माता-बहन को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। 30 मीटर से 50 मीटर तक के छोटे मकानों की वास्तविक स्थिति को मानवीय दृष्टिकोण से भी देखिए। मानवता भी कोई चीज़ होती है। यदि हमारी माता-बहनों के सम्मान में कहीं भी कमी आई तो इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उपस्थित मातृशक्ति ने विश्वास व्यक्त किया कि विनीत अग्रवाल शारदा उनकी आवाज़ मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी तक मजबूती से पहुँचाकर उनके घर, दुकानें और बच्चों का भविष्य सुरक्षित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

No comments:
Post a Comment