नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। नौचंदी मेले के अंतर्गत आयोजित मुशायरे के संबंध में प्राप्त पत्र के क्रम में हर्फ़कार फाउंडेशन ने जिला पंचायत मेरठ को अपना विस्तृत स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर दिया है। संस्था ने अपने पत्र में कहा है कि वह सदैव सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता तथा सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य करती रही है तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या विवादास्पद अभिव्यक्ति का समर्थन नहीं करती।
संस्था द्वारा अवगत कराया गया कि कार्यक्रम के आयोजन हेतु प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने का प्रयास किया गया था। प्रशासन की ओर से आपत्ति प्राप्त होने के पश्चात संस्था ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित शायरों से स्पष्टीकरण प्राप्त किया। दोनों शायरों ने अपनी प्रस्तुत रचनाओं से जनमानस की भावनाओं को जो आहत पहुंची है उसके लिए बिना शर्त माफी मांगी है।
हर्फ़कार फाउंडेशन ने अपने स्पष्टीकरण में उल्लेख किया है कि विगत वर्षों से संस्था शिक्षा, साहित्य, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन करती रही है। संस्था के कार्यक्रमों में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों, शिक्षाविदों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सहभागिता भी रही है।
संस्था ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह किसी भी ऐसी अभिव्यक्ति का समर्थन नहीं करती जिससे किसी व्यक्ति, वर्ग अथवा समुदाय की भावनाएँ आहत हों। भविष्य में कार्यक्रमों के दौरान इस प्रकार की परिस्थितियों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक सावधानियाँ और अधिक प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएँगी।
हर्फ़कार फाउंडेशन ने जिला पंचायत प्रशासन के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा है कि यदि अनजाने में किसी की भावनाएँ आहत हुई हों तो संस्था उसके लिए खेद प्रकट करती है तथा सदैव सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और सकारात्मक संवाद की भावना के साथ कार्य करती रहेगी।

No comments:
Post a Comment