नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था जनहित फाउंडेशन, मेरठ द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर ग्राम पनवाड़ी (दौराला, मेरठ) में एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आधुनिक समाज के युवाओं और ग्रामीण परिवेश का एक बेहद खूबसूरत तालमेल देखने को मिला।
पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिहाज से उपयोगी पौधों को प्राथमिकता देते हुए ग्राम पनवाड़ी में मुख्य रूप से जामुन, आंवला, सहजन (मुनगा) और अशोक के पौधों का रोपण किया गया। यह कार्यक्रम गाँव के अम्बेडकर भवन परिसर में आयोजित किया गया, जहाँ सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर इन पौधों को रोपा और भविष्य में इनकी उचित देखरेख करने का संकल्प लिया।
इस अभियान को सफल बनाने में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के युवाओं का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में यूपीईएस (UPES) विश्वविद्यालय, सिम्बाईसिस विश्वविद्यालय और एसआरएम (SRM) विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
यह पूरा कार्यक्रम जनहित फाउंडेशन के समन्वयक अजय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति और कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गाँव के अनेक सम्मानित व्यक्तियों और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। ग्रामीणों ने युवाओं के इस प्रयास को देखकर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की और इस पुनीत कार्य के लिए संस्था 'जनहित फाउंडेशन' की मुक्तकंठ से सराहना की। "पौधे लगाना केवल आज की जरूरत नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है। जामुन, आंवला और सहजन जैसी औषधीय व फलदार प्रजातियों के पौधे गाँव के वातावरण को और समृद्ध करेंगे।"
अजय कुमार, समन्वयक (जनहित फाउंडेशन)

No comments:
Post a Comment