नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय मेरठ के एनसीसी कैडेट्स ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 70 यू०पी० बटालियन एनसीसी मेरठ द्वारा आयोजित “बी” सर्टिफिकेट परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी कैडेट्स ने सफलता हासिल कर अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिचय दिया।
इस अवसर पर 70 यू०पी० बटालियन एनसीसी मेरठ के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सौरभ डिमरी ने सफल कैडेट्स को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं शोभित विश्वविद्यालय के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट कुलदीप कुमार ने कैडेट्स की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि निरंतर प्रशिक्षण, अनुशासन एवं मेहनत के बल पर कैडेट्स ने यह सफलता अर्जित की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन एवं एनसीसी विभाग ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कैडेट्स, एएनओ एवं प्रशिक्षण टीम के प्रयासों की सराहना की। विश्वविद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि एनसीसी कैडेट्स भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान एवं राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।

No comments:
Post a Comment