नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वसुमित्र समाज सेवा समिति द्वारा अंतरराष्ट्रीय रामसर साइट सिरपुर तालाब स्थित बटरफ्लाई पार्क में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य तितलियों के संरक्षण एवं उनकी संख्या में वृद्धि के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना था।
इस अवसर पर तितलियों के जीवन चक्र के लिए आवश्यक लार्वल होस्ट प्लांट्स तथा विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया गया। लगाए गए पौधों में आंवला, नीम, नींबू, जामुन, पथरचट्टा एवं आंकड़ा प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन पौधों से तितलियों को भोजन एवं प्रजनन हेतु उपयुक्त आवास उपलब्ध होगा, जिससे क्षेत्र की जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा।
संस्था की सचिव डॉ. ग्रीष्मा त्रिवेदी ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित इस पौधारोपण अभियान में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में जान्या पंजाबी, चारु, यशस्वी, अपरा, निकिता, अमित मंडलोई, सचिन सेहरिया, कीर्ति रानाडे सहित अनेक विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही सभी ने मिलकर तालाब के आसपास पड़े प्लास्टिक के कचरे को उठाकर स्वच्छता का संदेश भी दिया।
वसुमित्र समाज सेवा समिति द्वारा भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही गई।


No comments:
Post a Comment