जाकिर तुर्क
नित्य संदेश, मेरठ। थाना सरधना क्षेत्र के ग्राम खिर्वा जलालपुर के पास घात लगाए बैठे दबंगों ने रिश्तेदारी में जा रहे एक दंपती की कार को जबरन रोक लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने महिला के साथ सरेराह अश्लीलता व छेड़छाड़ की। जब पति ने इसका विरोध किया, तो लाठी-डंडों और लात-घूसों से बेरहमी से मारपीट करते हुए एक युवक ने जान से मारने की नीयत से पति के पेट में चाकू घोंप दिया। चीख-पुकार सुनकर राहगीरों और ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित महिला ने सरधना थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुरानी रंजिश में वारदात को दिया अंजाम
मुजफ्फरनगर के शहर कोतवाली अंतर्गत खालापार निवासी रफिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार को दोपहर करीब 2 बजे वह अपने पति खुर्शीद के साथ कार से खिर्वा जलालपुर में एक रिश्तेदारी के कार्यक्रम में शामिल होने आ रही थीं। जैसे ही वे खिर्वा जलालपुर स्थित पाल समाज के मंदिर के सामने पहुंचे, तो वहां पहले से ही घात लगाए बैठे गांव के ही फैसल, दानिश पुत्रगण तौफीक, आसिफ पुत्र जहीर, समीर पुत्र इस्तकार, और दो अज्ञात लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उनकी कार को जबरन रोक लिया।
विरोध करने पर पेट में घोंपा चाकू, कार भी तोड़ी
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें और उनके पति को जबरन कार से बाहर खींच लिया। इस दौरान आरोपियों ने महिला के साथ छेड़छाड़ व अश्लीलता शुरू कर दी। पति खुर्शीद ने जब अपनी पत्नी के सम्मान को बचाने के लिए विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इसी बीच आरोपियों के उकसाने पर फैसल नामक युवक ने हाथ में ली हुई छुरी खुर्शीद के पेट में घोंप दी। लहूलुहान होकर खुर्शीद जमीन पर गिर पड़े। जाते-जाते आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीड़ित की कार के शीशे भी चकनाचूर कर दिए।
पुलिस जांच में जुटी
सरेराह हुई इस दुस्साहसिक वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों पर कार्यवाई की जायेगी।
No comments:
Post a Comment