नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय के लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस विभाग एवं सेंट्रल लाइब्रेरी द्वारा “पर्यावरण संरक्षण पर पुस्तक प्रदर्शनी एवं ग्रीन लाइब्रेरी शपथ” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा पुस्तकालय उपयोगकर्ताओं में पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास एवं ग्रीन लाइब्रेरी की अवधारणा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।
कार्यक्रम का शुभारम्भ कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन डॉ. सुधीर त्यागी द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस विशेष का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सतत जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय ज्ञान के ऐसे केंद्र हैं, जो समाज में पर्यावरणीय चेतना और सतत विकास के मूल्यों को प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ. सुधीर त्यागी ने वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण के प्रति जागरूक और संवेदनशील हो जाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
पुस्तक प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक गण, शोधार्थी, पुस्तकालय कर्मी तथा अन्य आगंतुकों ने सहभागिता की और प्रदर्शित पुस्तकों एवं सामग्री का अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विचार-विमर्श किया गया तथा उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ एवं हरित भविष्य के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. सुधीर त्यागी ने सभी उपस्थितजनों को “ग्रीन लाइब्रेरी शपथ” दिलाई। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए ऊर्जा संरक्षण, प्लास्टिक के कम उपयोग तथा हरित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. सुधीर त्यागी ने सभी प्रतिभागियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ. मनोज त्रिपाठी, डॉ. जावेद खान, डॉ. सपना शर्मा, डॉ. अल्पना, शालिनी त्यागी, भावना, आशुतोष, विकास कुमार, राजेन्द्र कुमार, अशोक कुमार तथा स्वाति सहित विभाग के सभी शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम अपने उद्देश्यों की पूर्ति में पूर्णतः सफल रहा। विभाग द्वारा की गई इस सराहनीय पहल की उपस्थित सभी लोगों ने प्रशंसा की तथा इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।


No comments:
Post a Comment