Breaking

Your Ads Here

Monday, April 27, 2026

सीसीएसयू में हुई कार्य परिषद की बैठक, विभिन्न प्रशासनिक एवं शैक्षणिक विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय के भूतल स्थित सेमिनार हॉल में कार्य परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के विभिन्न प्रशासनिक एवं शैक्षणिक विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए।


बैठक में दिनांक 19 मार्च 2026 को आयोजित कार्य परिषद की बैठक के कार्यवृत्त की संपुष्टि की गई। साथ ही 41 शोधार्थियों को शोध उपाधि प्रदान किए जाने का निर्णय लिया गया। शैक्षणिक उन्नयन के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर के सांख्यिकी विभाग में कार्यरत डॉ. कपिल कुमार एवं डॉ. प्रदीप चौधरी को चयन समिति की संस्तुति के आधार पर प्रोफेसर पद पर पदोन्नत किए जाने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में गणित विभाग की डॉ. स्वरूप कुमारी को भी प्रोफेसर पद पर पदोन्नति प्रदान करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त, शिक्षा विभाग एवं जंतु विज्ञान विभाग में साक्षात्कार के उपरांत डॉ. अरुण कुमार को शिक्षा विभाग में तथा डॉ. दिनेश चंद शर्मा को जंतु विज्ञान विभाग में प्रोफेसर पद पर नियुक्त करने की स्वीकृति प्रदान की गई।


बैठक में विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न विभागों में स्ववित्त पोषित योजना के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रमों हेतु सहायक आचार्य, निदेशक, उपनिदेशक, सहायक निदेशक तथा टीपीओ पदों पर नियुक्ति के लिए समिति की आख्या के आधार पर अर्हता निर्धारित करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त 162 महाविद्यालयों को संबद्धता प्रदान करते हुए उन्हें 30 जून तक आवश्यक कर्मियों की पूर्ति करने हेतु समय देने का भी निर्णय लिया गया।


बैठक में कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, परीक्षा नियंत्रक वीरेंद्र कुमार मौर्य, डिप्टी रजिस्ट्रार सत्य प्रकाश, प्रोफेसर हरे कृष्णा, प्रोफेसर जितेंद्र ढाका, प्रोफेसर ए.वी. कौर, प्रोफेसर आर.के. सोनी, डॉ. मनोज अग्रवाल, डॉ. यशवेंद्र वर्मा, डॉ. अनिल यादव  प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता, ऑनलाइन माध्यम से कार्य परिषद सदस्य न्यायाधीश आर.बी. मिश्रा, प्रोफेसर शैलेन्द्र जायसवाल आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here