Breaking

Your Ads Here

Thursday, April 2, 2026

ट्रैफिक पुलिस की ईमानदारी, खोया हुआ ज्वैलरी बैग दंपति को लौटाया


शाहिद खान 
नित्य संदेश, मेरठ। ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल विजय सिंह ने ईमानदारी और कर्तव्य निष्ठा की मिसाल पेश की है। दरअसल, मेरठ से मोदीनगर जा रहे एक दंपति का ज्वैलरी, कीमती सामान और कपड़ों से भरा बैग ई-रिक्शा में छूट गया था। दंपति को मोदीनगर पहुंचने पर बैग के खोने का अहसास हुआ, जिसके बाद वे तुरंत मेरठ लौटे और मेट्रो प्लाज़ा चौराहे पर बैग की तलाश करने लगे। 

इसी बीच, मेट्रो प्लाज़ा चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक हेड कांस्टेबल विजय सिंह की नजर ई-रिक्शा में छूटे उस बैग पर पड़ी। विजय सिंह ने जिम्मेदारी दिखाते हुए बैग को अपने कब्जे में सुरक्षित रख लिया और उसके असली मालिक का इंतजार करने लगे। करीब 2 घंटे बाद जब दंपति घबराए हुए हालत में चौराहे पर पहुंचे और बैग की तलाश करने लगे, तब विजय सिंह ने उनसे बातचीत की।

पूछताछ के दौरान दंपति ने बैग की सही पहचान और उसमें रखे सामान की पूरी जानकारी दी। संतुष्ट होने के बाद हेड कांस्टेबल विजय सिंह ने बैग दंपति को सौंप दिया। अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस पाकर दंपति भावुक हो गए। महिला की आंखों में खुशी के आंसू आ गए और उन्होंने ट्रैफिक पुलिस कर्मी का दिल से धन्यवाद किया।

गौरतलब है कि ट्रैफिक पुलिस कर्मी कड़ी धूप, बारिश और ठंड में अपनी ड्यूटी निभाते हैं। ऐसे में विजय सिंह की ईमानदारी ने न केवल एक परिवार की मदद की, बल्कि पूरे ट्रैफिक विभाग का सिर भी गर्व से ऊंचा कर दिया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here