गुलाम मोहम्मद
नित्य संदेश, किठौर। गर्मी के मौसम को देखते हुए अस्पतालों में संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए फायर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष निरीक्षण किया गया इसी कड़ी में किठौर 50 बैडेड हॉस्पिटल गंग नहर समीप का भी निरीक्षण किया गया।इस निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल परिसर में स्थापित सुरक्षा मानकों की स्थिति का आकलन करना और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की जांच करना था।
निरीक्षण दल में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. विश्वास चौधरी, मंडलीय टैक्नोलोजिस्ट चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग मांगे राम, तथा नोडल अधिकारी डॉ. सुनील शामिल रहे। अधिकारियों ने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए सुरक्षा उपकरणों और व्यवस्थाओं का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फायर (अग्निशामक यंत्र), हाइड्रेंट सिस्टम और स्प्रिंकलर सिस्टम की कार्यक्षमता को जांचा गया। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी उपकरण सही स्थिति में हों और आपातकाल के समय तुरंत उपयोग में लाए जा सकें। इसके अतिरिक्त अस्पताल के इमरजेंसी एग्जिट गेट्स का निरीक्षण कर यह देखा गया कि वे पूरी तरह खुले हों और उनके सामने किसी प्रकार का अवरोध न हो।
अधिकारियों ने फायर अलार्म सिस्टम और स्मोक डिटेक्टर्स (धुआं सेंसर) की सक्रियता की भी जांच की, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में समय रहते अलर्ट मिल सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और उपकरणों के नियमित रखरखाव के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में शॉर्ट सर्किट और आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए अस्पतालों में फायर सेफ्टी को लेकर सतर्कता बेहद जरूरी है। ऐसे नियमित निरीक्षण न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि संभावित दुर्घटनाओं को टालने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

No comments:
Post a Comment