Breaking

Your Ads Here

Tuesday, March 3, 2026

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में चयनित खिलाड़ियों का 7 मार्च को होगा ऑक्शन


- आईआईएमटी क्रिकेट क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर 5 मार्च को आयोजित होगा चयनित खिलाड़ियों का कैंप

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में चयनित खिलाड़ियों का आगामी 7 मार्च को ऑक्शन होगा। चयनित खिलाड़ियों का एक कैंप आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर 5 मार्च को आयोजित किया जाएगा।

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के सचिव सुरेन्द्र चौहान ने बताया की आईआईएमटी क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित दो दिवसीय ट्रायल में युवा क्रिकेटरों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इन खिलाड़ियों के लिए आगामी 5 मार्च को आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर दोपहर 12 बजे से कैंप आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में लीग में प्रतिभाग कर रही आठों टीमों के मालिक और कोच आकर खिलाड़ियों की प्रतिभा का आंकलन करेंगें। 7 मार्च को गढ़ रोड स्थित होटल हॉरमनी में आयोजित कार्यक्रम में चयनित खिलाड़ियों का ऑक्शन किया जाएगा जिसमें आठों टीमों के मालिक अपनी टीम के लिए खिलाड़ियों को चुनेंगे।

लीग के चेयरमैन डॉ. मयंक अग्रवाल ने कहा कि आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय स्तर पर उभर रही युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जिससे उन्हें अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिल सके। आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग मेरठ में क्रिकेट को नए आयाम तक ले जाएगी और शहर में क्रिकेट का स्तर भी और ऊंचा होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं। 

मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के डायरेक्टर संजय रस्तोगी ने बताया की सभी टीमों की जर्सी और लीग की ट्रॉफी का अनावरण किया जा चुका है और लीग की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट अवसर मिलेगा। यह आयोजन खिलाड़ियों, कोचों और खेल प्रेमियों के लिए एक नई ऊर्जा और उत्साह का केंद्र बनेगा।यह लीग न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को पहचान दिलाने का मंच बनेगी, बल्कि उन्हें उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के डायरेक्टर उदित गौड़ ने बताया कि आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में दर्शकों को रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि लीग के लिए चयनित खिलाड़ी बेहद प्रतिभावान और जुझारू हैं जिससे हर मैच में कड़ी टक्कर की उम्मीद है। दिन के साथ रात में भी होने वाले लीग के मुकाबले खिलाड़ियों के साथ-साथ क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी बेहद उत्साहजनक हैं।

मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां व्यवस्थित रूप से की जा रही हैं। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधाओं और मैचों के सुचारु संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह लीग मेरठ को क्रिकेट के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here