- मेरठ सिविल लाइंस हीरोज ने 180 रन बनाए, मेरठ साउथ वारियर्स 165 रन ही बना पाई
- मैन ऑफ द मैच बने मेरठ सिविल लाइन हीरोज के रितुराज शर्मा ने 44 रन बनाए, तीन विकेट लिए
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चावधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर शनिवार को लीग का दूसरा मैच शाम छह बजे से मेरठ सिविल लाइंस हीरोज और मेरठ साउथ वारियर्स के बीच खेला गया।
मेरठ सिविल लाइंस हीरोज ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज अर्णव त्यागी चार रन बनाकर मनमोहन सैनी की गेंद पर इंजमाम हुसैन को कैच दे बैठे। नंबर तीन पर आए समर भी 2 रन बनाकर आकाश राणा की गेंद पर बोल्ड हो गए। टीम को एकतरफा संभाले हुए कप्तान रितुराज शर्मा भी 55 के स्कोर पर रिषभ बंसल की गेंद को मारने के प्रयास में आकाश राणा के हाथों कैच आउट हो गए। रितुराज शर्मा ने 4 चौके-3 छक्के के साथ 23 गेंद पर 44 रन बनाए। इसके बाद शुभम और गौरव के बीच 73 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी ने टीम को सहारा दिया। रिषभ बंसल की गेंद पर एलबीडब्लू आउट होने से पहले गौरव ने 4 चौके-2 छक्के के साथ 23 गेंद पर 38 रन बनाए। गौरव के आउट होने के बाद शुभम सिंह भी ज्यादा देर विकेट पर नहीं रूक पाए और 2 चौके-3 छक्के की मदद से 31 गेंद पर 39 रन बनाकर आउट हो गए। शुभम सिंह का कैच शुभम मिश्रा ने आकाश राणा की गेंद पर पकड़ा। शिवम (11 रन) को आकाश राणा ने कॉट एंड बॉल किया। कार्तिक मान (1 रन) को इंजमाम हुसैन ने एलबीडब्लू आउट कर दिया। ओशो मोहन 18 रन बनाकर और तुषार त्यागी 12 रन बनाकर नाबाद लौटे।
मेरठ सिविल लाइंस हीरोज ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 180 रन बनाए। मेरठ साउथ वारियर्स के गेंदबाज आकाश राणा ने तीन, रिषभ बंसल ने दो, मनमोहन सैनी और इंजमाम हुसैन ने एक-एक विकेट लिया।
181 रन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उतरे मेरठ साउथ वारियर्स के कप्तान इंजमाम हुसैन और अंकुर मलिक सलामी बल्लेबाज के रूप में मैदान पर उतरे। तीसरे ओवर में अर्णव त्यागी की गेंद पर अंकुर मलिक ने दो छक्के-2 चौके जड़ कर अपने इरादे जाहिर कर दिए। तीसरे ओवर में एक बाई के चौके के साथ 24 रन आए। अगले ओवर में रुद्र शर्मा की गेंद पर इंजमाम हुसैन ने लगातार चार चौके लगा दिए। लेकिन रुद्र के इसी ओवर की अंतिम गेंद पर फिर शॉट लगाने के प्रयास में इंजमाम हुसैन क्लीन बोल्ड हो गए। इंजमाम हुसैन ने छह चौकोें के साथ 14 गेंद पर 21 रन बनाए। पांचवे ओवर की पहली ही गेंद पर अंकुर मलिक भी अर्णव त्यागी की गेंद पर रितुराज शर्मा को कैच दे बैठे। अंकुर मलिक ने दो चौके-2 छक्के के साथ 11 गेंद पर 21 रन बनाए। लगातार दो गेंद पर दो विकेट गिर चुके थे की टीम स्कोर में एक रन का इजाफा होने के बाद एक और विकेट गिर गया। यश सिरोही बिना कोई रन बनाए अर्णव त्यागी की गेंद पर शुभम सिंह के हाथों कैच आउट हो गए। श्रेय दत्त शर्मा ने 2 ही रन बनाए थे की रितुराज शर्मा ने एक शानदार गेंद पर उनकी गिल्लियां बिखेर दीं। विश्वेन्द्र चौधरी 14 रन बनाकर वंश विकल की गेंद पर उन्हीं को कैच दे बैठे।
मेरठ साउथ वारियर्स की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखरती चली गयी और 10 ओवर में 90 रन बनाने में ही टीम पांच विकेट खो चुकी थी। अब बाकी बचे 10 ओवर में 91 रन चाहिए थे और उम्मीद आकाश और अमोघ जिंदल पर टिकी हुई थी। लेकिन अमोघ जिंदल (3 रन) रितुराज शर्मा का शिकार बने और तुषार त्यागी ने उनका कैच लपक लिया। आकाश भी तेज रन लेने के प्रयास में रन आउट हो गए। आकाश ने एक चौका-2 छक्के के साथ 20 गेंद पर 27 रन बनाए। शुभम मिश्रा (6 रन) को रुद्र शर्मा ने एक शानदार गेंद पर बोल्ड कर दिया। 29 गेंद पर 57 रन चाहिए थे मगर उसके आट विकेट गिर जाने से लक्ष्य बेहद मुश्किल दिखाई दे रहा था। रिषभ बंसल ने प्रयास किए लेकिन 14 रन बनाकर वह रितुराज शर्मा की गेंद पर गौरव कुमार के हाथों कैच आउट हो गए। यश कौशिक ने आतिशी शॉट लगाकर दर्शकों का मनोरंजन किया लेकिन वह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रहा। मेरठ साउथ वारियर्स निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 165 रन ही बना पाई। यश कौशिक ने 2 चौके-1 छक्के के साथ 32 गेंद पर नाबाद 36 रन बनाए। मनमोहन सैनी बिना कोई रन बनाए नाबाद लौटे।
मेरठ सिविल लाइंस हीरोज ने 15 रन से जीत हासिल की। रितुराज शर्मा ने तीन, अर्णव त्यागी ने दो, रुद्र शर्मा ने दो और वंश विकल ने एक विकेट लिया।
*इन खिलाड़ियों को मिले अवार्ड*
मैन ऑफ द मैच - रितुराज शर्मा, मेरठ सिविल लाइंस हीरोज
फाइटर ऑफ द मैच - आकाश, मेरठ साउथ वारियर्स
मोस्ट इकनोमिकल बॉलर ऑफ द मैच - रितुराज शर्मा, मेरठ सिविल लाइंस हीरोज
बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द मैच - रितुराज शर्मा, मेरठ सिविल लाइंस हीरोज
बेस्ट फील्डर ऑफ द मैच - शुभम मिश्रा, मेरठ साउथ वारियर्स
मोस्ट सिक्सर ऑफ द मैच- रितुराज शर्मा, मेरठ सिविल लाइंस हीरोज
*मैच खेलेगी मेरठ कैंट कमांडोज्, धड़कनें बढ़ेंगी क्रिक गिरी चैंप्स की*
रविवार को शाम छह बजे से मेरठ कैंट कमांडोज् और साकेत रॉयल चैंप्स के बीच मुकाबला होगा। यदि कल का मुकाबला मेरठ कैंट कमांडोज् जीत जाती है तो उसके 9 प्वाईंट हो जाएंगे और वह क्रिक गिरी चैंप्स को पीछे छोड़ कर टॉप 4 में स्थान बना कर क्वालिफायर मुकाबला खेलेगी। यदि मेरठ कैंट कमांडोज् कल मुकाबला हार जाती है तो प्वाईंट टेबल की टॉप चार टीमे बीबीसी एलीट (10 प्वाईंट), शुभम स्मैशर्स (9 प्वाईंट), व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर (8 प्वाईंट) और क्रिक गिरी चैंप्स (8 प्वाईंट) के बीच 30 और 31 मार्च को क्वालिफायर मुकाबला होगा।
रविवार को लीग का एक ही मैच खेला जाएगा जो शाम छह बजे से मेरठ कैंट कमांडोज् और साकेत रॉयल चैंप्स के बीच होगा। मैच का लाइव प्रसारण आईआईएमटी मेरठ के यूट्यूब चैनल पर भी किया जा रहा है। जिसका लिंक https://www.youtube.com/@IIMTUNIVERSITYMEERUT है।
No comments:
Post a Comment