Breaking

Your Ads Here

Saturday, March 28, 2026

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीगः मेरठ कैंट कमांडोज् ने छह विकेट से जीता मैच



नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चावधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर शनिवार को लीग का पहला मैच दोपहर दो बजे से मेरठ कैंट कमांडोज् और शुभम स्मैशर्स के बीच खेला गया। 

मेरठ कैंट कमांडोज् ने टॉस जीत कर पहले फिल्डिंग करने का निर्णय लिया। शुभम स्मैशर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 15 के स्कोर पर टीम को पहला बड़ा झटका लगा जब स्टार बल्लेबाज प्रियम गर्ग (13 रन) प्रिंस यादव की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। 20 के स्कोर पर बादल सिंह बालियान (5 रन) अंकुर शर्मा की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे और विकेटकीपर हितेश कुमार ने महत्वपूर्ण कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। 20 के स्कोर पर ही टीम को तीसरा झटका लगा जब काव्यांश अहलावत बिना कोई रन बनाए अंकुर शर्मा की गेंद पर विकेटकीपर हितेश कुमार को कैच दे बैठे। काव्य तेवतिया ने शानदर बल्लेबाजी करते हुए सन्नी भाटी के साथ 41 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। 61 रन के स्कोर पर सन्नी भाटी (4 रन) अंकुश की गेंद पर आगे निकले लेकिन विकेटकीपर हितेश कुमार ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। सक्षम राय ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए स्थापित बल्लेबाज काव्य तेवतिया का साथ निभाते हुए स्कोर को आगे ले जाना जारी रखा।

17वें ओवर में 135 के स्कोर पर सक्षय राय बड़ा शॉट मारने के प्रयास में प्रिंस यादव की गेंद पर वर्दित छोकर को कैच दे बैठे। सक्षम राय ने 2 चौके-4 छक्कों के साथ 27 गेंद पर 40 महत्वपूर्ण रन बनाए। इंपैक्ट बल्लेबाज अबरार ने पहली दो गेंद पर ही दो दनदनाते चौके मारकर मैच में फिर से इंपैक्ट डाल दिया। 

19वें ओवर में काव्य तेवतिया गेंदबाज प्रिंस तेवतिया की गेंद पर यशु प्रधान को कैच दे बैठे। काव्य तेवतिया ने 10 चौके-2 छक्के के साथ 52 गेंद पर 76 रन बनाए। टीम के स्कोर में एक रन का इजाफा हुआ था की इंपैक्ट प्लेयर अबरार प्रिंस यादव की गेंद पर बोल्ड हो गए। प्रशांत (1 रन) का अक्षु बाजवा ने यशु प्रधान के हाथों कैच आउट करा दिया। तन्मय चौधरी (1 रन) भी अक्षु बाजवा का शिकार बने और प्रिंस यादव ने उनका कैच पकड़ा। हरदीप सिंह एक रन बना कर नॉटआउट लौटे। शुभम स्मैशर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 163 रन बनाए। मेरठ कैंट कमांडोज् के गेंदबाज प्रिंस यादव ने चार, अक्षु बाजवा ने तीन, अंकुर शर्मा ने दो विकेट लिए। 

164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ कैंट कमांडोज् के सलामी बल्लेबाज यशु प्रधान और वर्दित छोकर ने तेज शुरुआत की। 22 के स्कोर पर पहला विकेट गिरा जब यशु प्र्रधान 7 गेंद पर 15 रन बनाकर प्रशांत राणा की गेंद पर प्रियम गर्ग को कैच दे बैठे। 50 के स्कोर पर हितेश 10 रन बनाकर आउट हो गए। वैभव गुप्ता की गेंद पर काव्य तेवतिया ने हितेश का कैच पकड़ा। 

कप्तान प्रियम गर्ग ने पावरप्ले के छह ओवर में छह अलग-अलग गेंदबाजों से बॉल फिंकवा कर बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। वर्दित छोकर एक छोर पकड़ कर टीम स्कोर आगे बढ़ाते रहे। मगर प्रशांत राणा की बाहर जाती गेंद को कप्तान संदीप तोमर (13 रन) छेड़ बैठे और थर्ड मैन पर खड़े शिवा त्यागी ने इस महत्वपूर्ण कैच को लपकने में कोई गलती नहीं की। 

मेरठ कैंट कमांडोज् 10 ओवर में तीन विकेट खोकर 91 रन बना चुकी थी और अब जीत के लिए 60 गेंद पर 73 रन चाहिए थे। स्थापित बल्लेबाज वर्दित छोकर और इंपैक्ट प्लेयर गौरव यादव पिच पर मौजूद थे। 105 रन के स्कोर पर सक्षम राय ने गौरव यादव (14 रन) को प्रशांत राणा के हाथों कैच आउट करा कर मेरठ कैंट कमांडोज को चौथा झटका दिया। लेकिन शानदार लय में नजर आ रहे वर्दित छोकर ने छक्का मारकर अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद चौका भी जड़ दिया। 15वें ओवर में अबरार ने वर्दित का कैच छोड़कर मानों मैच भी छोड़ दिया। अंतिम 30 गेंद पर 43 रन चाहिए थे। 16वां ओवर फेंक रहे अबरार के ओवर में वर्णित ने दो छक्के मार कर लक्ष्य को आसान बना दिया। 17वें ओवर में सन्नी भाटी की गेंद पर लगातार तीन छक्के और चौका लगाकर वर्दित ने मैच लगभग खत्म कर दिया। इसी ओवर की अंतिम गेंद पर एक और छक्का मार कर वर्दित ने अपना शतक पूरा करने के साथ मेरठ कैंट कमांडोज् को छह विकेट से जीत दिला दी। वर्दित छोकर ने छह चौके-9 छक्के के साथ 54 गेंद पर नाबाद 100 रन बनाए। प्रिंस यादव ने नाबाद पांच रन बनाए।

मेरठ कैंट कमांडोज् ने 17 ओवर में चार विकेट खोकर 167 रन बनाए। शुभम स्मैशर्स के गेंदबाज प्रशांत राणा ने दो, सक्षम राय और वैभव गुप्ता ने एक-एक विकेट लिया। 

*मेरठ कैंट कमांडोज् ने क्वालिफायर में पहुंचने की उम्मीद जगाई*
इस जीत के साथ मेरठ कैंट कमांडोज् ने क्वालिफायर में पहुंचने की उम्मीद को बरकरार रखा। हालांकि क्वालिफायर में आने के लिए मेरठ कैंट कमांडोज को कल रविवार को साकेत रॉयल चैंप्स के खिलाफ होने वाले मैच में जीत हासिल करनी होगी। 

*इन खिलाड़ियों को मिले अवार्ड*
मैन ऑफ द मैच - वर्दित छोकर, मेरठ कैंट कमांडोज्
फाइटर ऑफ द मैच - काव्य तेवतिया, शुभम स्मैशर्स
मोस्ट इकनोमिकल बॉलर ऑफ द मैच - अंकुर शर्मा, मेरठ कैंट कमांडोज्
बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द मैच - वर्दित छोकर, मेरठ कैंट कमांडोज्
बेस्ट फील्डर ऑफ द मैच - हितेश, मेरठ कैंट कमांडोज्
मोस्ट सिक्सर ऑफ द मैच- वर्दित छोकर, मेरठ कैंट कमांडोज्

शनिवार को लीग का दूसरा मैच शाम छह बजे से मेरठ सिविल लाइंस हीरोज और मेरठ साउथ वारियर्स के बीच होगा।

रविवार को लीग का एक ही मैच खेला जाएगा जो शाम छह बजे से मेरठ कैंट कमांडोज् और साकेत रॉयल चैंप्स के बीच होगा। मैच का लाइव प्रसारण आईआईएमटी मेरठ के यूट्यूब चैनल पर भी किया जा रहा है। जिसका लिंक https://www.youtube.com/@IIMTUNIVERSITYMEERUT है।

*फाइनल मैच के समय में किया परिवर्तन, 4 बजे टॉस, 4.30 बजे शुरु होगा मैच*
मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के डायरेक्टर संजय रस्तोगी जी ने बताया की आईआईएमटी मेरट टी20 लीग का फाइनल मैच 1 अप्रैल को खेला जाएगा। मैच के समय में परितवर्तन किया गया है और अब बुधवार एक अप्रैल को शाम 4 बजे फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमो के बीच टॉस होगा। मैच की शुरुआत शाम 4.30 बजे होगी। पहले यह मैच शाम छह बजे से होना प्रस्तावित होगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here