-मुंबई के ताज होटल में हुआ था 7वां वर्ल्ड मेंटल हेल्थ
कांग्रेस एंड अवॉर्ड्स समारोह
लियाकत मंसूरी
नित्य संदेश, गाजियाबाद। 7वें वर्ल्ड मेंटल हेल्थ कांग्रेस एंड अवॉर्ड्स में मुरादनगर निवासी सोनू त्यागी को “टॉप मोस्ट लीडर इन मेंटल हेल्थ” पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह समारोह मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में आयोजित हुआ था। सोनू त्यागी को यह अवार्ड मानसिक स्वास्थ्य और आध्यात्मिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। यह अवार्ड फन एंड जॉय एट वर्क और वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ हेल्थकेयर लीडर्स द्वारा प्रदान किया गया।
गौरतलब है कि मुरादनगर निवासी सोनू त्यागी गो स्पिरिचुअल
और एप्रोच एंटरटेनमेंट के संस्थापक हैं। उनकी संस्था गो स्पिरिचुअल समग्र स्वास्थ्य,
आध्यात्मिक जागरूकता, परोपकार, आध्यात्मिक पर्यटन, ऑर्गेनिक जीवनशैली और सामाजिक सेवा
के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था विशेष रूप से युवाओं में बढ़ते तनाव, डिजिटल दबाव
और अनिश्चित भविष्य जैसी चुनौतियों के साथ-साथ अकेलेपन और भावनात्मक खालीपन से जूझ
रहे वरिष्ठ नागरिकों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष कार्य कर रही है। बतादे कि हर वर्ष
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर गो स्पिरिचुअल “हार्मनी इन माइंड एंड सोल” जैसे जागरूकता
अभियानों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की असमानता और उससे जुड़ी चुनौतियों
को सामने लाता है। संस्था ध्यान, योग, माइंडफुलनेस और भावनात्मक संतुलन जैसे प्रभावी
और व्यावहारिक उपायों को समाज तक पहुँचाने का कार्य करती है।
निशुल्क आयोजित किए जाएंगे सत्र
संगठन का “गो माइंडफुल” अभियान वर्ष 2026 में पूरे भारत
में और बड़े स्तर पर शुरू किया जाएगा। इसके तहत तनाव प्रबंधन, भावनात्मक मजबूती और
संकट सहायता पर निःशुल्क सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि स्कूलों, कार्यस्थलों और समुदायों
तक वास्तविक सहायता पहुँच सके। इसके साथ ही “गो ह्यूमन” जैसे सामुदायिक कार्यक्रमों
के माध्यम से लोगों को सहानुभूति, क्षमा, संवाद और अहिंसक तरीके से मतभेद सुलझाने की
प्रेरणा दी जाती है। ये कार्यक्रम व्यक्तियों और समाज के बीच विश्वास और समझ के नए
सेतु बनाते हैं।
ये कहना है सोनू त्यागी का
अवार्ड ग्रहण करते हुए सोनू त्यागी ने कहा, “यह अवार्ड
उन सभी लोगों का है जो चुपचाप दूसरों के जीवन में उपचार और आशा लाने का प्रयास कर रहे
हैं। आज के तनावपूर्ण समय में आध्यात्मिकता जीवन को स्थिरता और अर्थ देती है। यदि हम
प्राचीन ज्ञान को करुणा और सेवा से जोड़ें, तो हम पीड़ा को कम कर सकते हैं और एक संवेदनशील
समाज का निर्माण कर सकते हैं।”
सोनू त्यागी के बारे में
मनोविज्ञान में स्नातक सोनू त्यागी ने विज्ञापन प्रबंधन,
पत्रकारिता और फिल्म निर्माण का भी अध्ययन किया है। वे एक अवार्ड विनिंग लेखक, निर्देशक
और निर्माता हैं और उनकी आध्यात्मिक वेब सीरीज़ टू ग्रेट मास्टर्स को काफी सराहना मिली
है। वे आगामी अंतरराष्ट्रीय फिल्म लिबरेशन के सह-निर्माता भी हैं। इसके अलावा वे आगामी
हिंदी फिल्म कैंप डीसेंट के क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं, जिसमें बृजेंद्र काला, राजपाल
यादव, सारा खान और हेमंत पांडेय प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

No comments:
Post a Comment