नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के तत्वावधान में 21 अक्टूबर “अखंड भारत स्वतंत्रता दिवस” के उपलक्ष्य में जन-जागरूकता एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए बैठक आयोजित की गई।
21 अक्टूबर “अखंड भारत स्वतंत्रता दिवस” के अवसर पर राष्ट्रचेतना जागरण एवं शैक्षणिक गतिविधियों के सफल आयोजन को लेकर स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, शोधार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में डॉ. अतुल कृष्ण ने सभी से रचनात्मक सुझाव आमंत्रित किए तथा इस अवसर को राष्ट्रभावना, राष्ट्रीय चरित्र निर्माण और स्वतंत्रता संग्राम के गौरवपूर्ण इतिहास से जोड़ने पर बल दिया। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि मेरठ के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों में निम्नलिखित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा—
• वाद-विवाद प्रतियोगिता
• निबंध लेखन प्रतियोगिता
• पेंटिंग/पोस्टर निर्माण
• प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता
कार्यक्रम का मुख्य विषय रहेगा —“राष्ट्रीय चरित्र, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, आज़ाद हिंद सेना तथा विभिन्न स्वतंत्रता आंदोलन” इस अवसर पर विशेष रूप से सुभाष चंद्र बोस एवं आज़ाद हिंद आंदोलन के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा, ताकि नई पीढ़ी स्वतंत्रता संग्राम के विविध आयामों से परिचित हो सके। बैठक में कर्नल (से.नि.) राजेश त्यागी, परवेज वशीर, अनिल अज्ञात, ओमसिंह राणा, डॉ. डी. सी. सक्सेना, प्रिंसिपल कुलदीप तथा डॉ. मोनिका ने भी अपने विचार व्यक्त किए और कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के लिए सुझाव प्रदान किए। डॉ. अतुल कृष्ण ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करेंगे। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं जनसामान्य से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सफल क्रियान्वयन हेतु समन्वय समिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया।

No comments:
Post a Comment