-मिशन कंपाउंड का मामला, बजरंग दल और पुलिस पहुंची
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सिविल लाइंस क्षेत्र के साकेत में मतांतरण की सूचना
पर हड़कंप मच गया। बजरंग दल को जानकारी मिली थी कि मिशन कंपाउंड में धर्मांतरण कराया
जा रहा है, जिसके बाद संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। हालांकि जांच में ऐसी कोई
गतिविधि नहीं मिली।
सूचना बजरंग दल के महानगर संयोजक बंटी शर्मा और सह संयोजक
हिमांशु को मिली थी। उन्हें फोन पर बताया गया था कि धनवंतरी हॉस्पिटल के पीछे वाली
कॉलोनी में ईसाई समुदाय के लोग कुछ हिंदू परिवारों का मतांतरण करा रहे हैं। सूचना मिलते
ही दोनों पदाधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर कुछ देर गहमागहमी का माहौल
रहा। परिसर में 20-25 लोग प्रार्थना कर रहे थे, जो सभी ईसाई समुदाय के सदस्य थे। पूछताछ
में स्पष्ट हुआ कि वहां कोई हिंदू परिवार मौजूद नहीं था और न ही किसी प्रकार का मतांतरण
हो रहा था। पूछताछ के दौरान कुछ लोग असहज नजर आए। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे
दी। कुछ देर में सीओ सिविल लाइंस अभिषेक तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने
परिसर का निरीक्षण किया और प्रार्थना सभा में मौजूद लोगों के नाम–पते दर्ज किए।
ये कहना है सीओ का
सीओ अभिषेक तिवारी ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहराई से
जांच की जाएगी। यदि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि सामने आती है, तो सख्त कार्रवाई की
जाएगी। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने भी माना कि उन्हें मतांतरण की सूचना मिली थी, लेकिन
मौके पर ऐसा कोई मामला नहीं पाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

No comments:
Post a Comment