Breaking

Your Ads Here

Monday, November 17, 2025

पुरानी रंजिश में बुलेट सवार तीन युवकों पर जानलेवा हमला

 


-खड़ौली की घटना, 9 सेकेंड का वीडियो वायरल, पुलिस कर रही जांच

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के खड़ौलीली गांव में पुरानी रंजिश के चलते तीन बुलेट सवार युवकों पर पांच दबंगों ने हमला कर दिया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हमलावर धारदार हथियार, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से युवकों को बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। 19 सेकंड के इस वीडियो में दो हमलावर नकाब पहने हुए हैं, जबकि तीन के चेहरे खुले नजर आते हैं। एक युवक को सड़क पर पटककर उसके चेहरे पर लातें मारते हुए भी देखा गया है।


सूत्रों के अनुसार, यह वीडियो 6 नवंबर का बताया जा रहा है। घटना खड़ौली चौकी क्षेत्र के भोला रोड की है, जहां दबंगों ने शोएब पुत्र नवाब हसन और उसके साथी अजीम पर घात लगाकर हमला किया। कुछ दिन पहले शोएब का गांव के ही साजिद, माजिद, कामरान और साहिल से मामूली कहासुनी को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश में दबंगों ने दोनों युवकों को सड़क पर लिटाकर बुरी तरह पीटा। हमले में शोएब के सिर में 16 टांके आए, जबकि अजीम के सिर और आंख पर गंभीर चोटें हुईं। एक युवक किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। पीड़ितों ने खड़ौली चौकी पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी थी। हालांकि, पीड़ित परिवार का आरोप है कि चौकी इंचार्ज और एक दरोगा ने दबंगों से मिलीभगत कर मामले को दबा दिया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे कार्रवाई के नाम पर पैसे मांगे गए, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। पुलिस की कथित लापरवाही के चलते दबंगों के हौसले और बढ़ गए हैं। वे लगातार पीड़ित परिवार को धमकियां दे रहे हैं।


पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में

अब वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। थाना पुलिस का कहना है कि वीडियो उनके संज्ञान में नहीं था। मामले की जांच की जा रही है। अब सबकी निगाहें पुलिस के आला अधिकारियों पर टिकी हैं कि इस बर्बर हमले पर सख्त कार्रवाई होती है या फिर मामला एक बार फिर ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा। गौरतलब है कि रविवार को कुछ व्यापारियों ने भी खंडोली चौकी इंचार्ज पर गंभीर आरोप लगाए थे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here