नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आदि अभियंता, सृष्टि रचयिता, शिल्प एवं निर्माण कला के अधिष्ठाता भगवान श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव पर गुरुवार को विश्वकर्मा जन चेतना महासभा-मेरठ ने श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ पूजन महोत्सव का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल हवन-पूजन के साथ हुआ। तत्पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
दोपहर 1:00 बजे अतुल फार्म हाउस, खिर्वा रोड से भगवान विश्वकर्मा जी की विशाल शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई कंकरखेड़ा शिव चौक, थाना कंकरखेड़ा, डिफेंस एन्क्लेव से होकर सरधना फ्लाईओवर पर पहुंची, जहां शोभायात्रा सम्पन्न हुई। कंकरखेड़ा के व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग में भगवान विश्वकर्मा जी के जयघोष से वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना रहा। इस अवसर पर विश्वकर्मा जन चेतना महासभा- मेरठ के अध्यक्ष रामेश्वर दयाल विश्वकर्मा, संगठन महामंत्री पंकज विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष मास्टर सहन्सरपाल विश्वकर्मा, विधिक सलाहकार सतेन्द्र कुमार जांगिड़ एडवोकेट पूर्व उपाध्यक्ष डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन-मेरठ, सुरेन्द्र धीमान, अमित विश्वकर्मा, देवाशीष विश्वकर्मा, मनोज विश्वकर्मा (दौराला), ओम नारायण विश्वकर्मा, प्रभारी निरीक्षक नेत्रपाल विश्वकर्मा, गौतम धीमान, मनोज पांचाल, राहुल विश्वकर्मा (जटपुरा), वेद प्रकाश पांचाल (कैथवाड़ी) सहित कंकरखेड़ा व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य महानुभाव उपस्थित रहे।
महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि शिल्प, निर्माण, तकनीक, श्रम एवं सृजन की शक्ति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। भगवान विश्वकर्मा जी के निर्माण, तकनीक एवं सृजन के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सदैव प्रगति एवं विकास के पथ पर अग्रसर होता रहे-यही इस पावन अवसर पर कामना की गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विश्वकर्मा जन चेतना महासभा-मेरठ के पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं, व्यापारियों, समाज बंधुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment