नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में गांधी जयंती के अवसर पर जनपद में पॉक्सो विधिक जागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेरठ द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ अपने कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों, गतिविधियों एवं विभागीय समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्ययोजना तैयार की गई।
अभियान के अंतर्गत स्कूल-कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों, बच्चों के कानूनी अधिकारों, किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर उठाए जाने वाले आवश्यक कदम तथा उपलब्ध कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी दी जाएगी। साथ ही विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी जागरूक किया जाएगा, ताकि वे असुरक्षित व्यवहार को पहचान सकें और आवश्यकता पड़ने पर समय रहते उचित सहायता प्राप्त कर सकें। अभियान के दौरान स्कूल-कॉलेजों में पोक्सो विधि जागरूकता सभाओं के साथ-साथ ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता, प्रभात फेरी तथा अन्य जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल संरक्षण एवं पॉक्सो कानून के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सुरक्षित वातावरण के महत्व की जानकारी दी जाएगी। अभियान को प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए तैयार कार्ययोजना के अनुसार न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों को विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में जाकर पॉक्सो जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए नामित किया जाएगा। अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को कानून के प्रावधानों की जानकारी देने के साथ उनकी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान भी किया जाएगा, जिससे वे अपने अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सहायता के प्रति जागरूक हो सकें।
बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को अभियान के अंतर्गत स्कूल-कॉलेजों को चिन्हित एवं नामित करने तथा वहां आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों का रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करने तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों एवं बच्चों के कानूनी अधिकारों की जानकारी अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही बच्चों को असुरक्षित परिस्थितियों को पहचानने, समय पर आवाज उठाने तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित कानूनी सहायता प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए और इस अभियान को एक जन आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया गया।
बैठक में अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी और सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें प्रमुख रूप से जिला विद्यालय निरीक्षक, मेरठ, बेसिक शिक्षा अधिकारी, मेरठ, जिला प्रोबेशन अधिकारी, मेरठ, जिला कार्यक्रम अधिकारी, मेरठ, जिला सूचना अधिकारी, मेरठ, अध्यक्ष/सदस्य, बाल कल्याण समिति मेरठ तथा विशेष किशोर पुलिस इकाई, मेरठ शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment