नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गढ़-मेरठ मुख्य मार्ग पर ग्राम भटीपुरा और सिसौली के बीच गोकलपुर नदी के पुल की जर्जर हालत जानलेवा बनी हुई है। पुल और उसके दोनों तरफ सड़क में गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
इस संबंध में किठौर निवासी एडवोकेट शुऐब त्यागी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना
पत्र देकर पुल की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में बताया
गया है कि यह मार्ग किठौर, गढ़ और मेरठ को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है, जो हजारों
ग्रामीणों की लाइफलाइन है। पुल के ऊपर और दोनों अप्रोच पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए
हैं। बरसात में इन गड्ढों में पानी भर जाने से गहराई का अंदाजा नहीं लगता, जिससे
वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं।
एडवोकेट शुऐब त्यागी ने बताया कि पिछले 15 दिनों में इस पुल पर 5 से 6 सड़क
हादसे हो चुके हैं, जिनमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। रात के समय यह
पुल और भी खतरनाक हो जाता है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में
भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो कभी भी
बड़ी जनहानि हो सकती है।
गड्ढों का तत्काल पैच वर्क कराया जाए
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि लोक निर्माण विभाग को आदेशित कर मौके का
निरीक्षण कराया जाए, गड्ढों का तत्काल पैच वर्क कराया जाए और मरम्मत होने तक वहां
संकेतक व चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि अधिशासी अभियंता,
लोक निर्माण विभाग और उप जिलाधिकारी मवाना को भी प्रेषित की गई है।

No comments:
Post a Comment