Breaking

Your Ads Here

Thursday, August 13, 2026

तिरंगे की शान में रंगा मेरठ, कैंट विधानसभा में विधायक अमित अग्रवाल के नेतृत्व में भव्य स्वागत


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में बुधवार को मेरठ की सड़कों पर राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हाथों में लहराता तिरंगा और भारत माता की जय, वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के जागृति विहार स्थित मानस देवी मंदिर से हुआ। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए कैंट विधानसभा क्षेत्र के इंद्रा चौक, सुभाष नगर पहुंची। इंद्रा चौक, सुभाष नगर पहुंचने पर मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। विधायक अमित अग्रवाल के नेतृत्व में कैंट विधानसभा के हजारों कार्यकर्ता अपनी बाइक-स्कूटी पर तिरंगा लगाकर यात्रा में शामिल हुए। हजारों दोपहिया वाहनों पर लहराते तिरंगे और कार्यकर्ताओं के जोश ने इंद्रा चौक से बेगमपुल तक के पूरे मार्ग को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। कैंट विधानसभा की इस विशाल सहभागिता ने यात्रा को और अधिक भव्य बना दिया।

इसके बाद यात्रा इंद्रा चौक से ईव्ज चौराहा, बच्चा पार्क होते हुए बेगमपुल स्थित भारत माता चौक पहुंची, जहां राष्ट्रभक्ति के नारों के बीच यात्रा का समापन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप, राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, कार्यक्रम संयोजक हरिकांत अहलूवालिया और वरिष्ठ नेता कमल दत्त शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बोले अमित अग्रवाल - तिरंगा राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक
इस अवसर पर विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान, शान और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। कैंट विधानसभा से हजारों कार्यकर्ताओं का तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल होना राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और अनुशासन का जीवंत उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि मेरठ की धरती का स्वतंत्रता संग्राम से गौरवशाली संबंध रहा है। 1857 में इसी क्रांतिकारी धरती से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ स्वतंत्रता संग्राम का बिगुल फूंका गया था। आज इसी ऐतिहासिक धरती पर हजारों लोगों का तिरंगा लेकर चलना वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई शक्ति और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का माध्यम हैं। विधायक ने यात्रा में शामिल सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा - राष्ट्र सर्वोपरि है, तिरंगा हमारी शान है और भारत हमारी पहचान है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here