नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में विकास और निर्माण कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और हैंडओवर से पहले गुणवत्ता व पूर्णता की जांच कर संबंधित विभाग को हस्तांतरण किया जाए। धीमी प्रगति वाली परियोजनाओं में तेजी लाने तथा बैठक में अनुपस्थित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
फैमिली आईडी पर नाराजगी
फैमिली आईडी बनाने की प्रगति खराब मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और एक सप्ताह में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है, इसलिए अभियान चलाकर पात्र परिवारों को लाभ दिलाया जाए।
रोजाना समीक्षा के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने विभाग के विकास कार्यों और योजनाओं की प्रतिदिन स्वयं समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्त न होने से जनपद की रैंक प्रभावित होती है। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही से रैंक खराब होती है या शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में बाधा आती है तो संबंधित की जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बाढ़ राहत कार्यों में नियमित निगरानी, मौके पर निरीक्षण और विभागीय बजट के समयबद्ध सदुपयोग के भी निर्देश दिए। सभी खंड विकास अधिकारियों को फैमिली आईडी के साथ-साथ साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, सामुदायिक शौचालय, तालाब निर्माण, अमृत सरोवर सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट और विद्यालयों से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर समीक्षा करने को कहा।
बैठक में निर्माणाधीन परियोजनाओं, फैमिली आईडी, पेंशन योजनाओं, सड़क निर्माण, नमामि गंगे, विभागीय बजट व्यय, ऑपरेशन कायाकल्प, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, दिव्यांगजन, कृषि, बाल कल्याण और पंचायती राज विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मोहम्मद परवेज, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शैलेश रॉय, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग सत्येंद्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेश कुमार गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment