नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में पंख हौसलों की उड़ान स्वयंसेवी संस्था द्वारा आयोजित खेल महोत्सव-2026 के अंतर्गत कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित रुस्तम-ए-दारा सिंह कुश्ती परिसर में किया गया।
प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न
विद्यालयों और खेल संस्थानों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग
किया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न भार वर्गों में आयोजित मुकाबलों
में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। मुख्य अतिथि के रूप में कुश्ती के
वरिष्ठ कोच जबर सिंह सोम और पंख हौसलों की उड़ान स्वयंसेवी संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष
भावना शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से खेल को
जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और निरंतर मेहनत व अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान
किया। इस अवसर पर प्रतियोगिता निदेशक अशोक त्रिपाठी, श्रीपाल, देवेंद्र सिंह धामा,
दिव्या तोमर, कवितपाल, रजनीश मित्तल, मनु तोमर सहित अनेक खेल प्रेमी, प्रशिक्षक, अभिभावक
और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष भावना शर्मा ने
कहा कि खेल महोत्सव-2026 का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना,
खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना तथा बालक एवं बालिकाओं को नशे जैसी
सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर अग्रसर करना है। संस्था
भविष्य में भी इस प्रकार की जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन करती रहेगी, ताकि ग्रामीण
और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिल सके।
मुख्य अतिथि जबर सिंह सोम ने कहा,
"कुश्ती हमारी गौरवशाली खेल परंपरा का हिस्सा है। ऐसे आयोजन युवा खिलाड़ियों को
अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच देते हैं।" प्रतियोगिता निदेशक अशोक त्रिपाठी
ने कहा कि खेल महोत्सव में खिलाड़ियों की बड़ी संख्या में भागीदारी उत्साहजनक है और
इसका उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम
के अंत में सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार
व्यक्त किया गया।

No comments:
Post a Comment