नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जन्मदिवस के अवसर पर आम आदमी पार्टी द्वारा प्रदेश प्रवक्ता एवं जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेज पहुंचकर मरीजों एवं उनके तीमारदारों के बीच फल वितरित किए गए और अरविंद केजरीवाल जी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं संघर्षपूर्ण जनसेवा जीवन की कामना की गई।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता एवं जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने भारतीय राजनीति को एक नई दिशा देने का काम किया है। जिस राजनीति में लंबे समय तक जाति, धर्म और संप्रदाय के नाम पर जनता को बांटकर वोट मांगे जाते रहे, वहां अरविंद केजरीवाल ने बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे आम आदमी के जीवन से जुड़े बुनियादी मुद्दों को राजनीति के केंद्र में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने गरीबों, मजदूरों, वंचितों और आम नागरिकों के हक एवं अधिकारों की आवाज बुलंद करते हुए सामाजिक अन्याय और भेदभाव के खिलाफ लगातार संघर्ष किया। अंकुश चौधरी ने कहा कि दिल्ली में शुरू हुआ बेहतर सरकारी स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक, मुफ्त एवं सस्ती बिजली-पानी तथा आम आदमी को सुविधाएं देने वाला शासन मॉडल आज पंजाब में आगे बढ़ रहा है। पंजाब में शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य इस बात का प्रमाण हैं कि अरविंद केजरीवाल की जनहित आधारित राजनीति अब देश में एक मजबूत वैकल्पिक शासन मॉडल के रूप में स्थापित हो रही है।
उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल जी ने साबित किया कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि आम आदमी के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और उसके अधिकारों के लिए संघर्ष करने का माध्यम भी हो सकती है।” फल वितरण कार्यक्रम में जिला संरक्षक एस.के. शर्मा, जिला महासचिव हेम कुमार, कैंट विधानसभा अध्यक्ष भरत लाल यादव, जिला सचिव वैभव मलिक, जिला सचिव विक्रांत चौधरी, ASAP के जिलाध्यक्ष विचित्र सिसोदिया, जिला सचिव निशांत कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment