डा. अभिषेक डबास
नित्य संदेश, मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय में प्रतिवर्ष 24 जुलाई को मनाए जाने वाले विश्वविद्यालय दिवस के उपलक्ष्य में इस वर्ष दो दिवसीय समारोह ‘प्रज्ञा 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय दिवस का यह आयोजन विश्वविद्यालय के सह-संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. शोभित कुमार जी के जन्मदिवस के अवसर पर मनाया जाता है। ‘प्रज्ञा’ का भाव उद्देश्य, तैयारी, आकांक्षा, विकास और वर्षभर निरंतर प्रगति को अभिव्यक्त करता है, जो विश्वविद्यालय के दूरदर्शी दृष्टिकोण एवं सतत विकास की भावना का प्रतीक है।
समारोह के प्रथम दिवस का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में गणेश पूजन एवं सरस्वती पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात विश्वविद्यालय के विभिन्न विद्यालयों एवं विभागों द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण, कृषि, मृदा संरक्षण, जैव प्रौद्योगिकी, अनुसंधान एवं तकनीकी शिक्षा से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलाधिपति श्री कुंवर शेखर विजेंद्र जी ने शोभित विश्वविद्यालय परिवार को ‘प्रज्ञा 2026’ के प्रथम प्रेरणादायी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रज्ञा केवल विश्वविद्यालय दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय के सह-संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. शोभित कुमार जी के उस दूरदर्शी विचार और आजीवन संकल्प की अभिव्यक्ति है, जिसमें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्रत्येक प्रतिभाशाली और मेहनती युवा के लिए सुलभ, किफायती एवं परिवर्तनकारी बनाने की भावना निहित है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का सर्वोच्च उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब वह समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीण युवाओं को भी आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वी. के. त्यागी ने कहा कि ‘प्रज्ञा 2026’ विश्वविद्यालय की शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक उत्तरदायित्व को एक साथ जोड़ने वाली सार्थक पहल है। विश्वविद्यालय का निरंतर प्रयास है कि ज्ञान, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे तथा विद्यार्थी समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। नाइस स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के सेंटर फॉर साइकोलॉजी एंड ह्यूमन बिहेवियर द्वारा एस. आर. इंटरनेशनल स्कूल, मेरठ में मनोविज्ञान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को ‘आप अकेले नहीं हैं’ के संदेश के साथ मानसिक स्वास्थ्य, साइबर मनोविज्ञान, तनाव प्रबंधन तथा जीवन में प्रसन्नता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। स्कूल ऑफ बायोमेडिकल इंजीनियरिंग एंड हेल्थ साइंसेज द्वारा मावी मीरा गांव में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। ग्रामीणों को स्वच्छता, पोषण, जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों एवं निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक करने के साथ रक्तचाप, नाड़ी एवं शरीर द्रव्यमान सूचकांक की प्राथमिक जांच तथा फिजियोथेरेपी परामर्श भी प्रदान किया गया। इसी क्रम में स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर एंड एनवायरनमेंटल साइंसेज द्वारा मावी मीरा गांव में मृदा स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित कर किसानों को वैज्ञानिक मृदा प्रबंधन, मृदा उर्वरता, फसल उत्पादकता एवं सतत कृषि के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी एंड लाइफ साइंसेज द्वारा डीएमए स्कूल में ‘अनुसंधान की जड़ों की ओर’ के अंतर्गत ‘प्राचीन भारत और जैव प्रौद्योगिकी’ विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसने विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध वैज्ञानिक परंपरा से परिचित कराने के साथ अनुसंधान एवं नवाचार के लिए प्रेरित किया। वहीं ‘भविष्य के लिए कोडिंग’ पहल के अंतर्गत तक्षशिला पब्लिक स्कूल एवं ट्रांसलम अकादमी में विद्यार्थियों के लिए कोडिंग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के शिक्षकों के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें म्यूजिकल चेयर , रस्साकशी एवं शिक्षक प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियों ने उत्साह और उमंग का वातावरण बनाया।
‘प्रज्ञा 2026’ के माध्यम से शोभित विश्वविद्यालय ने यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी भौगोलिक सीमा की मोहताज नहीं होती और शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक है, जब वह समाज के अंतिम छोर तक पहुंचे। विश्वविद्यालय दिवस समारोह का दूसरा दिवस 24 जुलाई 2026 को विभिन्न विशेष कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के साथ आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर समस्त विभाग के विभागाध्यक्ष एवं शिक्षक उपस्थित रहे ।

No comments:
Post a Comment