Breaking

Your Ads Here

Friday, June 5, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस पर पोस्टर प्रतियोगिता एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। डी.एन. कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग की बॉटनिकल सोसाइटी के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के महत्व तथा वृक्षारोपण की आवश्यकता के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्या प्रो० बी० एस० यादव ने पौधारोपण कर किया। उन्होंने कहा कि “स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण मानव जीवन की आधारशिला है। वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन गंभीर चिंता का विषय है। युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए आगे आना चाहिए।” इस अवसर पर प्रो० एम. के. यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया।

विभागाध्यक्ष डॉ. एवरेस्ट शिवाच ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने छात्रों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने का आग्रह किया। वहीं डॉ. अंशु ढाका ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण संबंधी ज्ञान को व्यवहार में उतारना अत्यंत आवश्यक है। संजीश्वर त्यागी ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण अभियानों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा प्रदूषण नियंत्रण जैसे विषयों पर आकर्षक एवं प्रभावशाली पोस्टर प्रस्तुत किए। इस अवसर पर छात्रों ने पर्यावरण जागरूकता पर आधारित एक लघु नाटिका भी प्रस्तुत की, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा प्रदूषण नियंत्रण का प्रभावी संदेश दिया गया। इसके साथ ही कॉलेज परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान यशस्वनी ने, द्वितीय स्थान क्रमशः लाइका एवं उफ़क़ अल्वी ने तथा तृतीय स्थान क्रमशः मोनिका एवं मानसी भूमि ने प्राप्त किया।

निर्णायक मंडल में प्रो० उषा रानी तथा प्रो० एम. के. यादव शामिल रहे। इस अवसर पर प्रेस प्रवक्ता दीपक, अनीता पुंडीर, शशि कान्त आदि उपस्थित रहे तथा अन्य शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here