आरिफ कुरैशी
नित्य संदेश, दौराला। मंगलवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल ने चिरौड़ी गांव का दौरा किया। यहाँ उन्होंने दिवंगत राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। डॉ. हिमानी ने पीड़ित परिवार का दुख-दर्द साझा करते हुए उन्हें हर संभव सरकारी सहायता और न्याय दिलाने का कड़ा आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्तर की होनहार कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का का शव बीते 31 मई को कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की शोभापुर पुलिस चौकी के पास मिला था। अनुष्का 16 अप्रैल से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थीं। परिजनों के मुताबिक, अनुष्का अपने भाई के साथ शोभापुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थीं और साथ ही कबड्डी की कोचिंग भी ले रही थीं। उनका सपना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना था। इस दर्दनाक घटना के बाद से जहाँ परिवार में मातम पसरा है, वहीं ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है।
डॉ. हिमानी अग्रवाल ने मृतका के पिता नेमपाल से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा यह बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना है। इस मामले की पूरी तरह निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि
इस दौरान पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए कई राजनीतिक और सामाजिक संगठन के लोग भी पहुंचे।भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, दौराला मंडल अध्यक्ष मनिंदर विहान, संजीव, हितेश पाल गडरिया सभी जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए रोष व्यक्त किया। और मांग की कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए। डॉ. हिमानी अग्रवाल ने दोहराया कि न्याय की इस लड़ाई में महिला आयोग और सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
No comments:
Post a Comment