नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के फाइन आर्ट्स विभाग में विश्व कला दिवस के उपलक्ष्य में दो दिवसीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कला के प्रति अपनी गहरी अभिरुचि को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभाग के अधिकतम छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का विषय “विश्व कला दिवस” रखा गया, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल का परिचय देते हुए आकर्षक एवं सृजनात्मक चित्र प्रस्तुत किए। द्वितीय दिवस पर “विश्व कला दिवस” विषय पर विभाग के सहायक प्राध्यापक सिद्धार्थ त्रिपाठी द्वारा व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में इस दिवस के महत्व, इसके मनाए जाने के उद्देश्य तथा महान कलाकार लियोनार्डो द विंची के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। व्याख्यान के उपरांत सभी प्रतिभागियों को विभाग की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के विजेताओं में प्रथम स्थान पर मोहित सैनी, द्वितीय स्थान पर विक्रम कुमार तथा तृतीय स्थान पर विदुषी शर्मा एवं अनमोल त्यागी रहे। विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप स्केचिंग किट प्रदान की गई, जो इनबिड्ज़ के संस्थापक वागीश जी की ओर से भेंट की गई।
इस अवसर पर विभाग के डीन व प्राचार्य प्रो.(डॉ.) पिंटू मिश्रा ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि “कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को संवेदनशील बनाने का सशक्त साधन है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करते हैं, जो उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।”
सम्पूर्ण आयोजन में विभाग के डीन व प्राचार्य प्रो.(डॉ.) पिंटू मिश्रा एवं वागीश जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही विभाग से डॉ. अंशु श्रीवास्तव, डॉ. पवनेन्द्र तिवारी, श्री कृष्ण कुंडारा, डॉ. आशीष मिश्रा, श्री लक्ष्य कुमार, श्री दिवाकर बिष्ट, श्री लकी त्यागी, श्री धर्मराज गुप्ता एवं सुश्री प्रियंका सिंह उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment