नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में आज 'विश्व मलेरिया दिवस' बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष का मुख्य उद्देश्य छात्रों और समुदाय में मलेरिया रोग के कारणों, लक्षणों तथा बचाव के उपायों के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत एक जागरूकता सत्र से हुई, जिसमें विज्ञान विभाग ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की इस वर्ष की थीम पर प्रकाश डाला और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से मलेरिया उन्मूलन के महत्व पर जोर दिया। इसके उपरांत, छात्रों ने 'मलेरिया से सुरक्षा' विषय पर एक प्रेरक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसके माध्यम से लोगों को साफ-सफाई रखने और अपने आसपास जल-जमाव न होने देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ. गोपाल दीक्षित ने सभी छात्रों को शपथ दिलाई कि वे अपने घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देंगे तथा मलेरिया उन्मूलन में अपना सक्रिय योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment