नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित सर छोटू राम अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (SCRIET) में तीन दिवसीय “पायथन वर्कशॉप” का गुरुवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। यह कार्यशाला कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन तथा डीन टेक्नोलॉजी प्रोफेसर आर.के. सोनी के निर्देशन में आयोजित की जा रही है।
आईटी विभाग एवं छात्र-निर्मित कोडिंग क्लब Code.Scriet के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला की विशेषता इसका “स्टूडेंट-ड्रिवन एक्सपर्ट मॉडल” है, जिसमें सीनियर छात्र स्वयं एक्सपर्ट बनकर अपने साथियों को प्रायोगिक प्रशिक्षण दे रहे हैं। यह कार्यशाला 16 से 18 अप्रैल तक संचालित होगी। कार्यक्रम में एक्सपर्ट पैनल के रूप में यदी चौधरी, प्रिंस गुप्ता एवं लक्ष्य पांडे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान एक्सपर्ट छात्र यदी चौधरी ने कहा कि, “यदि आप सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं तो केवल कोडिंग ही नहीं, बल्कि लॉजिक बिल्डिंग की मजबूत समझ होना भी आवश्यक है।” निदेशक प्रोफेसर नीरज सिंघल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, “यह कार्यशाला पारंपरिक शिक्षण पद्धति से हटकर एक अभिनव प्रयास है, जिसमें विद्यार्थी स्वयं सीखते हुए दूसरों को सिखा रहे हैं। इससे उनका आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता दोनों विकसित होंगे।” कार्यक्रम के संयोजक इंजीनियर प्रवीण कुमार ने अपने बयान में कहा कि, “यह कार्यशाला अपने आप में एक अनूठा प्रयोग है, जहां स्टूडेंट्स ही एक्सपर्ट की भूमिका निभाकर एक-दूसरे को सिखा रहे हैं। हमारा उद्देश्य केवल थ्योरी तक सीमित न रहकर छात्रों को अधिक से अधिक हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस देना है, ताकि वे वास्तविक इंडस्ट्री माहौल को समझ सकें। इस मॉडल से छात्रों में टीमवर्क, लीडरशिप और आत्मविश्वास का विकास हो रहा है।”

No comments:
Post a Comment