नित्य संदेश ब्यूरो
सोनीपत। चरक स्कूल आफ फार्मेसी के छात्रों ने सोनीपत स्थित याकुल्ट डैनोन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह यूनिट जापान और फ्रांस के संयुक्त उद्यम के रूप में संचालित होती है। इस औद्योगिक भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को उद्योग-शिक्षा के वातावरण से परिचित कराना तथा आधुनिक उत्पादन प्रक्रियाओं और गुणवत्ता मानकों की समझ विकसित करना था।
भ्रमण के दौरान प्लांट के पीआर एग्जीक्यूटिव शगुन राना द्वारा विभिन्न विभागों—मैन्युफैक्चरिंग, स्टोरेज, क्वालिटी कंट्रोल और पैकेजिंग—में इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों के माध्यम से छात्रों को उत्पादन की प्रत्येक चरणबद्ध प्रक्रिया का विस्तृत ज्ञान प्राप्त हुआ। छात्रों ने प्लांट की पूर्णतः स्वचालित (फुली ऑटोमेटेड) कार्यप्रणाली को करीब से देखा, जिससे उन्हें उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने की आवश्यकताओं और तकनीकों को समझने में मदद मिली। यह शैक्षणिक भ्रमण प्राचार्या डॉ. वैशाली पाटिल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर सहाचार्य राजन कौशिक तथा स्टाफ सदस्य सुश्री कामिनी और आनंद शर्मा छात्रों के साथ उपस्थित रहे। इस प्रकार का औद्योगिक भ्रमण छात्रों के व्यावहारिक ज्ञान, कौशल विकास और उद्योग की सर्वोत्तम प्रथाओं को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

No comments:
Post a Comment