Breaking

Your Ads Here

Sunday, October 11, 2026

समयपुर में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 426 लोगों ने कराया उपचार

 


256 लोगों की आंखों की जांच कर बांटे चश्मे, कैंसर की भी हुई स्क्रीनिंग


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। राजपुरा ब्लॉक के समयपुर गांव स्थित पंचायत भवन में रविवार को न्यूबर्ग औद्योगिक समूह एवं जसवंत सिंह रामेश्वरी त्यागी ट्रस्ट के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के तहत 19वां निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 426 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 256 लोगों की आंखों की जांच कर जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए। अभियान के तहत आयोजित शिविरों से अब तक करीब 18 हजार लोग लाभान्वित हो चुके हैं।


शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल और पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी ने फीता काटकर किया। जिलाध्यक्ष ने भी शिविर में विभिन्न जांच कराईं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए न्यूबर्ग औद्योगिक समूह की ओर से किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। शिविर का निरीक्षण करने पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी के पुत्र प्रदीप त्यागी भी पहुंचे। शिविर में रक्तचाप और मधुमेह सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। कुल 295 लोगों की रक्त जांच, 108 लोगों की मुंह के कैंसर, 168 महिलाओं की स्तन कैंसर और 74 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर की जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराईं। जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मे और सैनिटरी पैड वितरित किए गए।


शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचीं मुन्नी देवी ने आयोजन की सराहना की। वहीं, बुंदू खान ने निशुल्क चश्मा मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें बिना चश्मे के दिखाई देने में परेशानी होती थी। चश्मा मिलने से अब उन्हें काफी राहत मिली है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कौशल चौहान, उदय प्रताप सिंह, माछरा मंडल अध्यक्ष कृष्ण त्यागी, मोहित त्यागी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here