Breaking

Your Ads Here

Monday, February 9, 2026

सांसद खेल महोत्सव में डीएम पब्लिक स्कूल की छात्राओं का ऐतिहासिक प्रदर्शन



रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में डीएम पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, क्षेत्र एवं जनपद का नाम गौरवान्वित किया। इस प्रतिष्ठित खेल महोत्सव में जिले के अनेक विद्यालयों व संस्थानों के प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें डीएम पब्लिक स्कूल की चार होनहार छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के बल पर प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की।


प्रतियोगिता के अंतर्गत 800 मीटर दौड़ में गुरवाणी ढिल्लो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 100 मीटर दौड़ में सिद्धि भाटी एवं यशिका हून ने अपनी तेज गति और आत्मविश्वास के साथ प्रथम स्थान हासिल कर सबको प्रभावित किया। इसके अतिरिक्त लॉन्ग जंप प्रतियोगिता में जसमीत कौर ने बेहतरीन छलांग लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ाई। छात्राओं की इस अभूतपूर्व सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। विद्यालय के डायरेक्ट रविंद्र चौधरी, भागेश्वरी चौधरी व प्रधानाचार्य विनोद सिंह और शिक्षकगण एवं खेल प्रशिक्षकों ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी निरंतर मेहनत, लगन एवं अनुशासित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में खेलों के प्रति विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। विद्यालय प्रबंधन समिति ने भी छात्राओं की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। अभिभावकों ने भी अपनी बेटियों की इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया और विद्यालय प्रशासन का आभार जताया।

इस अवसर पर विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन कर सभी विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों व विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से विजेताओं का उत्साहवर्धन किया। डीएम पब्लिक स्कूल की इन प्रतिभाशाली छात्राओं की यह सफलता न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय परिवार को विश्वास है कि आने वाले समय में भी विद्यार्थी इसी प्रकार खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त करते रहेंगे। इस  अवसर पर स्कूल का समस्त स्टॉफ मौजूद रहा l

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here