नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। कनोहर लाल स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा स्वच्छता ही सेवा थीम के अंतर्गत कार्यक्रम कराए गए। कार्यक्रम में सर्वप्रथम सभी स्वयंसेविकाओं ने विभिन्न मुहल्लों में जाकर स्वच्छता पर आधारित सर्वेक्षण किया। इसके अंतर्गत स्वयंसेविकाओं ने घर-घर जाकर लोगों से स्वच्छता संबंधी उनके विचार जाना तथा उनसे स्वच्छता आधारित प्रश्न पूछे, जैसे क्या आप गीला और सूखा कचरा अलग-अलग फेंकते हैं, क्या आपके मोहल्ले में सार्वजनिक कूड़ेदान है, क्या नालियों की सफाई नियमित होती है, इसी प्रकार के अनेक प्रश्न पूछे। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने में आने वाली समस्याओं और स्वच्छता पर उनके सुझाव के विषय में भी जाना।
तत्पश्चात स्वयंसेविकाओं ने सार्वजनिक स्थलों पर जाकर साफ सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया एवं उनको भी स्वच्छता बनाए रखने हेतु जागरूक किया। उन्होंने लोगों से कहा कि सिर्फ अपने घर और आसपास नहीं बल्कि सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखें व सभी को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ पूजा राय ने बताया कि स्वच्छता स्वस्थ, सुखी और सम्मानजनक जीवन का आधार है, जो शारीरिक रोगों को रोकने, मानसिक शांति बढ़ाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मदद करती है। यह संक्रामक रोगों को कम करती है, आत्मविश्वास बढ़ाती है और गंदगी से होने वाले संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करती है। व्यक्तिगत और सामाजिक स्वच्छता के लिए रोज़ नहाना, हाथ धोना और आस-पास कूड़ा न फैलाना आवश्यक है। स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है, जो एक बेहतर समाज और देश का निर्माण करती है। शिविर में मानसी, सविता, स्नेहा, तनु, राधिका, सिमरन, मुस्कान,खुशी सहित 50 स्वयंसेविकाओं ने भाग लिया।
शिविर का संयोजन एवं संचालन कार्यक्रम अधिकारी डा० पूजा राय के द्वारा किया गया। इसके सफल आयोजन में संजीव माहेश्वरी तथा सुरेश चंद्र प्रजापति का विशेष सहयोग रहा।

No comments:
Post a Comment