नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान
में पुलवामा दिवस के अवसर पर वर्ष 2019 के आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों को भावपूर्ण
श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता
शुक्ला की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों
में राष्ट्रप्रेम, संवेदनशीलता और कर्तव्यबोध की भावना को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम
में छात्र-छात्राओं ने पुलवामा के शहीदों के हस्तनिर्मित चित्र बनाकर उन्हें अपनी सृजनात्मक
श्रद्धांजलि अर्पित की। कला के माध्यम से व्यक्त यह सम्मान न केवल स्मरण का प्रतीक
था, बल्कि नई पीढ़ी को शौर्य, त्याग और समर्पण के आदर्शों से जोड़ने का एक सशक्त प्रयास
भी रहा। इस अवसर पर प्रोफेसर अलका तिवारी ने पुलवामा की घटना का संदर्भ प्रस्तुत करते
हुए शहीदों की वीरता, राष्ट्रनिष्ठा और बलिदान की गाथा विद्यार्थियों को सुनाई। उन्होंने
कहा कि कला केवल सौंदर्यबोध का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय मूल्यों
के संवहन का प्रभावी साधन भी है।यह आयोजन विश्वविद्यालय की उस शैक्षिक परंपरा का प्रतीक
है, जिसमें ज्ञान, संवेदना और राष्ट्रीय उत्तरदायित्व का समन्वय करते हुए विद्यार्थियों
को जागरूक एवं मूल्यनिष्ठ नागरिक बनाने का सतत प्रयास किया जाता है।
कार्यक्रम में संस्थान के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी
उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया तथा मौन रखकर उनकी स्मृति
को श्रद्धासुमन अर्पित किए। आयोजन की सफलता में डॉ. पूर्णिमा वशिष्ठ, डॉ. शालिनी धामा,
डॉ. रीता सिंह, दीपांजलि, खालिद एवं कृतिका का विशेष योगदान रहा। विद्यार्थियों द्वारा
बनाए गए चित्रों ने पूरे वातावरण को भावनात्मक एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।

No comments:
Post a Comment