Breaking

Your Ads Here

Friday, February 13, 2026

साइबर सुरक्षा पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में साइबर स्वास्थ्य क्लब के तत्वावधान में प्रो. बी एल शर्मा, निदेशक उच्च शिक्षा उत्तर प्रदेश प्रयागराज के संरक्षण में एक अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसका विषय था 'साइबर स्वास्थ्य और सुरक्षा: सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल सुनिश्चित करना' । 

सेमिनार का आयोजन ऑनलाइन गूगल मीट के माध्यम से किया गया। सेमिनार का शुभारंभ माँ शारदे की वंदना से हुआ। कार्यक्रम अध्यक्ष और महाविद्यालय प्राचार्य प्रो अंजू सिंह ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सभी अतिथियों का स्वागत किया और आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं। मुख्य अतिथि प्रो. मोनिका सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी मेरठ ने सभी को सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। सेमिनार संयोजक प्रो लता कुमार ने विषय प्रवर्तन कर सेमिनार के उद्देश्य साझा किए।

विशेषज्ञ सत्र में  मुख्य वक्ता अंकित पटसारिया, बिज़नेस पार्टनर - साइबर सिक्योरिटी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (TCS) ऑस्ट्रेलिया द्वारा डिजिटल सुरक्षा को परिभाषित करते हुए इसके महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई। मुख्य वक्ता ने बताया कि हमारी लापरवाही से हम साइबर अपराध के शिकार होते हैं । लालच और अज्ञानता के कारण हम अपराधी लोगों के चंगुल में फँस जाते हैं। हमारा मोबाइल, लैपटॉप, डेटा, सूचनाएँ, वित्तीय लेनदेन साइबर अपराधियों के निशाने पर रहते हैं, इसलिए हमें ऐप डाउनलोड करने, लिंक खोलने, ओ टी पी साझा करते समय बहुत सावधानी बरतनी चाहिए । 

द्वितीय सत्र में विशेषज्ञ वक्ता सिद्धार्थ कुमार एंटरप्राइज़ साइबर सिक्योरिटी कंसल्टेंट टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (TCS) इंडिया ने ऑनलाइन फ्रॉड, फेक वेबसाइट की पहचान, फिशिंग, ओटीपी धोखाधड़ी, फ्री वाई-फाई के जोखिम और सोशल मीडिया सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की और बताया कि किस प्रकार छोटी-सी लापरवाही से साइबर अपराध हो सकता है ? आपने साइबर अपराध से बचाव के विभिन्न माध्यमों जैसे ऐप, सॉफ्टवेर आदि के बारे में भी जानकारी दी । साथ ही भारत सरकार के साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 और ऑनलाइन शिकायत पोर्टल की जानकारी भी साझा की गई।

इस सत्र का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में डिजिटल जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जिम्मेदार एवं सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के लिए प्रेरित करना था। ओपन सत्र में प्रतिभागियों ने अपने प्रश्न वक्ताओं के समक्ष रखे जिनका उत्तर विशेषज्ञ वक़्ताओं द्वारा दिया गया ।  सेमिनार के अंतिम भाग में आयोजन सचिव डॉ शालिनी वर्मा द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया । कार्यक्रम का संचालन सेमिनार संयोजक प्रो लता कुमार ने किया ।  आयोजन में ऑनलाइन माध्यम से 80 से अधिक प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की ।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here