इकराम चौधरी
नित्य संदेश, किठौर। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम “बोर्ड परीक्षा का सामना कैसे करें” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ऑल इंडिया आइडियल टीचर्स एसोसिएशन (AIITA) के तत्वावधान में हनीफ मेमोरियल अरेबिक कॉलेज, शौंदत में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के तनाव से मुक्त रखते हुए सही रणनीति, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए तैयार करना रहा। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय सचिव शकील अहमद ने परीक्षा से पहले की तैयारी, प्रश्नपत्र हल करने की सही तकनीक, उत्तर लेखन की प्रभावी शैली तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
कार्यक्रम में AIITA मेरठ के जिला अध्यक्ष रिज़वान अहमद तथा कॉलेज के प्रबंधक सज्जदुल्लाह त्यागी ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों का मार्गदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और सही दिशा में की गई मेहनत ही बोर्ड परीक्षा में सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को भय और घबराहट से दूर रहकर पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की सलाह दी।
इस दौरान छात्रों ने अपनी शंकाएं एवं समस्याएं वक्ताओं के समक्ष रखीं, जिनका सरल और व्यवहारिक समाधान किया गया। कार्यक्रम में करियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें परीक्षा के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही, जिससे आयोजन सफल रहा। अंत में सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं तथा भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
No comments:
Post a Comment