Breaking

Your Ads Here

Tuesday, February 17, 2026

दीक्षांत समारोह में महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वर्ण एवं रजत पदक प्राप्ति


      
सपना सीपी साहू 
नित्य संदेश, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय किला भवन की ग्यारह मेधावी छात्राओं ने उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि प्राप्त करते हुए स्वर्ण एवं रजत पदक अर्जित कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। 

यह समारोह विश्वविद्यालय के भव्य सभागार में संपन्न हुआ, जिसमें कुलाधिपति मंगुभाई छगनभाई पटेल, मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉक्टर नारायण व्यास, विशिष्ट अतिथि सांसद शंकर लालवानी, कुलगुरु प्रो. राकेश सिंघई, कुलसचिव प्रो. प्रज्ज्वल खरे, प्राचार्यगण, संकाय सदस्य एवं अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
      
समारोह में कुलाधिपति के करकमलों द्वारा छात्राओं को स्वर्ण एवं रजत पदक प्रदान किए गए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है।  

महाविद्यालय की छात्राएं हिंदी विभाग से सुनैना प्रजापत, राजनीति विज्ञान से परागी गुप्ता, गृह विज्ञान विभाग से अश्मित कौर (दो स्वर्ण), मनोविज्ञान विषय से सोनाली जोशी एवं अक्षिता पाठक, रसायन शास्त्र से श्रुति पाटिल (दो स्वर्ण), बायोकेमेस्ट्री से साक्षी द्विवेदी नृत्य विभाग से फाल्गुनी जोशी एवं श्रुति पालेचा, वाद्य–संगीत विभाग से ऋषु चौहान एवं अंकिता गुप्ता (दो स्वर्ण) ने स्नातकोत्तर परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक अर्जित किया। 

इसी क्रम में छात्रा अश्मित कौर सलूजा (गृह विज्ञान) एवं सुनैना प्रजापत (हिंदी) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया। इन छात्राओं की सफलता उनके अथक परिश्रम, नियमित अध्ययन तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
      
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.डी. श्रीवास्तव ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि समस्त महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अन्य छात्राएँ भी इनसे प्रेरणा लेकर शैक्षणिक उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होंगी।
    
समारोह के अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ । महाविद्यालय परिवार ने पदक विजेता छात्राओं को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here