नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। जिलाधिकारी द्वारा पेराई सत्र 2025-26 में चीनी मिलों पर देय गन्ना मूल्य व अंशदान भुगतान की समीक्षा बैठक करते हुए चीनी मिल किनौनी के गन्ना मूल्य भुगतान की स्थिति अत्यन्त असन्तोषजनक होने के कारण कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए चीनी मिल किनौनी के अध्यासी को अवशेष गन्ना मूल्य व अंशदान का भुगतान एक सप्ताह के अन्दर करने के निर्देश दिये गये।
यदि चीनी मिल किनौनी द्वारा अवशेष गन्ना मूल्य व अंशदान का भुगतान एक सप्ताह में नही किया जाता है तो चीनी मिल किनौनी क्षेत्र में पेराई योग्य अवशेष गन्ने का व्यावर्तन जिला मेरठ की अन्य चीनी मिलों को किये जाने हेतु प्रस्ताव प्रेषित कराने तथा वसूली प्रमाण-पत्र जारी किये जाने हेतु संस्तुति प्रेषित कराये जाने के निर्देश जिला गन्ना अधिकारी मेरठ को दिये गये। चीनी मिल मोहिउद्दीनपुर के प्रधान प्रबन्धक को भी पेराई सत्र 2025-26 के अवशेष गन्ना मूल्य व अंशदान का भुगतान तत्काल करने के निर्देश दिये गये। साथ ही चीनी मिल सिम्भावली के प्रतिनिधि को पेराई सत्र 2024-25 व 2025-26 के अन्तर्गत जिला मेरठ की गन्ना समितियों के अन्तर्गत क्रय किये गये गन्ना के देय गन्ना मूल्य व अंशदान का भुगतान तत्काल करने के निर्देश दिये गये।
जिला मेरठ की चीनी मिलों द्वारा विगत तीन वर्षों में सी.एस.आर. मद में व्यय की गयी धनराशि का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश चीनी मिलों के प्रतिनिधियों को दिये गये। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी मेरठ तथा सभी सम्बन्धित चीनी मिलों के अध्यासी/प्रधान प्रबन्धक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment