डा. अभिषेक डबास
नित्य संदेश, मेरठ। शोभित विश्विद्यालय के स्कूल ऑफ कम्प्यूटेशनल साइंसेज़ एंड इंजीनियरिंग के बी.टेक, बीसीए, एमसीए एवं एम.टेक के विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित एआई इंपैक्ट सबमिट 2026 में सक्रिय एवं प्रभावशाली सहभागिता की। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का समिट भारत मंडपम में आयोजित हुआ, जहाँ देश-विदेश के अग्रणी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि, शोधकर्ता एवं नवप्रवर्तक एकत्रित हुए।
समिट में विद्यार्थियों ने मशीन लर्निंग, नैचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग, रोबोटिक्स, डेटा साइंस तथा विभिन्न उद्योगों को परिवर्तित कर रही एआई आधारित नवीन तकनीकों पर आयोजित तकनीकी सत्रों, पैनल चर्चाओं एवं लाइव डेमो में भाग लिया। इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा, साइबर सुरक्षा, वित्त एवं स्मार्ट गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों में एआई के व्यावहारिक अनुप्रयोगों की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई।
विद्यार्थियों को उद्योग विशेषज्ञों से प्रत्यक्ष संवाद का अवसर भी मिला, जिससे उन्हें वर्तमान औद्योगिक आवश्यकताओं, कौशल विकास की दिशा तथा एआई एवं संबंधित क्षेत्रों में भविष्य की करियर संभावनाओं की गहन समझ प्राप्त हुई। विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रतिकुलपति एवं डीन एकेडमिक्स ने विद्यार्थियों को उभरती तकनीकों से जुड़े राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया। स्कूल ऑफ कम्प्यूटेशनल साइंसेज़ एंड इंजीनियरिंग के निदेशक डॉ. संदीप कुमार ने कहा, की एआई इंपैक्ट सबमिट 2026 में हमारे विद्यार्थियों की सहभागिता विश्वविद्यालय की उद्योगोन्मुख शिक्षा नीति का सशक्त उदाहरण है। आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वैश्विक परिवर्तन का आधार बन चुका है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक अनुभव, शोध उन्मुख दृष्टिकोण एवं नवाचार की दिशा में अग्रसर करना है। ऐसे मंच विद्यार्थियों में तकनीकी नेतृत्व क्षमता एवं उद्यमिता के गुण विकसित करते हैं। इस शैक्षणिक भ्रमण का नेतृत्व श्री विजय माहेश्वरी एवं सुश्री हिमानी चौधरी ने किया, जबकि प्रखंड बी.टेक सीएसई तृतीय वर्ष के विद्यार्थि ने समन्वय एवं छात्र प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

No comments:
Post a Comment