Breaking

Your Ads Here

Sunday, September 28, 2025

जहर देकर ससुरालियों ने महिला को मार डाला, पति फरार

 


-बुलंदशहर जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा नेत्री अंतुल तेवतिया की मामी है मृतका

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। बुलंदशहर जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा नेत्री अंतुल तेवतिया की मामी की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने उन्हें जहर देकर मार डाला। शनिवार रात महिला को गंभीर हालत में गंगानगर स्थित अप्सनोवा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसका पति उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरी घटना मवाना थाना क्षेत्र की है।


मृतका महिला का नाम मीनू है। वह मूल रूप से गाजियाबाद के पतला गांव थाना निवाड़ी की रहने वाली थीं। करीब 22 साल पहले उनकी शादी मवाना के मनिहार खेड़ी गांव निवासी संजीव से हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं-दो बेटियां और एक बेटा। परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद से ही मीनू और संजीव के बीच लड़ाई होनी लगी। मीनू को ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करते थे। इसी कारण शनिवार रात उसे जहर दे दिया। अप्सनोवा हॉस्पिटल के डॉक्टर ने बताया, शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे पति संजीव और उसके परिजन महिला को गंभीर हालत में लेकर पहुंचे। उस समय महिला की तबीयत बिगड़ी हुई थी और उन्हें लगातार उल्टियां हो रही थी। इसके बाद तुरंत ही महिला को भर्ती करके इलाज शुरू कर दिया गया। इसी बीच मौका देखकर पति संजीव और ससुराल वाले महिला को छोड़कर फरार हो गए। मृतका के चाचा सतीश ने बताया, उन्हें मनिहार खेड़ी गांव से मीनू के ससुराल के एक पड़ोसी ने फोन किया था। उसने बताया कि मीनू की तबीयत रात से खराब है और ससुराल वाले उसे अस्पताल लेकर गए हैं। इसके बाद रविवार सुबह 8 बजे महिला के घरवाले अप्सनोवा अस्पताल पहुंचे। वहां आईसीयू में उन्हें महिला की डेड बॉडी मिली। डॉक्टरों ने शनिवार रात का पूरा किस्सा परिवार को बताया।



पांच साल से मायका से दूर थी मीनू

मृतका के चाचा ने बताया, पिछले 5 साल से मीनू की मायके वालों से बातचीत नहीं होने दी गई। इतना ही नहीं मायके आना-जाना भी बंद करा दिया गया था। ससुराल वालों ने धमकी दी थी कि मायके से संपर्क रखने पर पति और ससुराल से रिश्ता खत्म कर दिया जाएगा। इसी कारण मीनू पूरी तरह मायके से अलग हो गई थी।


एक ही गांव में 2 बहनों की हुई थी शादी

मृतका का पति संजीव पेशे से किसान है। मीनू पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर थीं। सबसे बड़ी बहन का नाम निमेश, फिर मुनेश, उसके बाद मुकेश और चौथे नंबर पर मीनू थीं। सबसे छोटा भाई पंकज है, जो परिवार के साथ गांव में ही रहता है। मीनू के माता-पिता अब नहीं हैं। मीनू और उनकी बड़ी बहन मुकेश दोनों की शादी मवाना के मनिहारखेड़ी गांव में अलग-अलग घरों में हुई थी। मीनू की बड़ी बहन मुकेश ने बताया, रविवार सुबह जब हम अस्पताल पहुंचे तो देखा कि उसकी मौत हो चुकी थी।


पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

रविवार को अस्पताल में केवल मृतका के चाचा और जिला पंचायत अध्यक्ष अंतुल तेवतिया ही पहुंची। इसके बाद अस्पताल में मौजूद मीनू के चाचा ने गंगानगर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वहीं महिला के पति और ससुराल वाले फरार हैं।


सोर्स: भास्कर डिजीटल

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here