शाहिद खान
नित्य संदेश, मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में सैनिक कॉलोनी के पास रह रहे शुगर मिल से रिटायर राजपाल सिंह (85) को पौत्री मिट्ठू के दामाद सरकारी पशु चिकित्सक अमित ने डंडे से पीटकर मार डाला। पत्नी से हुए विवाद के बाद आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। राजपाल के पुत्र प्रेम सिंह ने अपने दामाद के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
मूल रूप से सरधना क्षेत्र के गांव गढ़ी निवासी
राजपाल सिंह बुलंदशहर के जहांगीराबाद की सहकारी चीनी मिल में नौकरी करते थे। करीब
15 साल पहले रिटायरमेंट के बाद वह सैनिक कॉलोनी में मकान बनाकर रह रहे थे। करीब 10
वर्ष पूर्व उनकी पत्नी की मौत हो गई थी। बेटा प्रेम सिंह जहांगीराबाद में शिक्षक है।
राजपाल सिंह घर में अकेले रहते थे। प्रेम सिंह की पुत्री प्रियंका उर्फ मिट्ठू की शादी
पशु चिकित्सक अमित के साथ हुई थी। अमित की तैनाती फिलहाल मवाना के सरकारी पशु अस्पताल
में है। परिवार अंसल टाउन में रहता है। बुधवार रात अमित का किसी बात को लेकर अपनी
पत्नी के साथ विवाद हो गया। इसके बाद प्रियंका घर से बाहर चली गई। पत्नी को तलाश करते
हुए रात करीब डेढ बजे अमित अपनी ससुराल पहुंचा। उसने दरवाजा खटखटाया तो राजपाल सिंह
ने इतनी रात में आने का कारण पूछा। आरोपी उनसे बहस करने लगा और दरवाजा तोड़ दिया। इस
पर राजपाल सिंह ने घर में पड़ा डंडा उठाकर अमित के सिर में मार दिया। इससे बौखलाए
अमित ने उनके हाथ से डंडा छीन लिया और राजपाल सिंह पर कई वार किए। उनके हाथ की हड्डी
टूट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को
फोन करके सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो अमित भी मौके पर मौजूद था। राजपाल सिंह
को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार शाम उपचार के दौरान राजपाल
सिंह की मौत हो गई। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट
दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को उसे
कोर्ट में पेश किया गया।
नशे में आपा खो बैठा अमित
पुलिस के मुताबिक, अमित शराब पीने का आदी है। इसे लेकर पत्नी से उसका अकसर झगड़ा होता
था। बुधवार रात भी उसका पत्नी से विवाद हो गया था। प्रियंका घर से निकल गई थी। उसे
तलाश करते हुए अमित ससुराल पहुंचा और राजपाल सिंह से उलझ गया।
पिताजी की तबियत खराब है चाचा, जल्दी
पहुंचो
घटना की जानकारी रात में ही पुलिस ने प्रेम सिंह को फोन करके दी। वह जहांगीराबाद में
थे। उन्होंने अपने चाचा जगबीर सिंह को फोन किया। वह मौके पर पहुंचे तो पुलिस पहले ही
मौके पर मौजूद थी। खून से लथपथ राजपाल सिंह को पुलिस ने अस्पताल भेजा और अमित को मौके
से ही पकड़ लिया।
No comments:
Post a Comment