Breaking

Your Ads Here

Tuesday, October 13, 2026

कैंट बोर्ड की कार्रवाई पर हंगामा, पत्थरबाजी, सदर पुलिस मौके पर पहुंची


अशोक कुमार 
नित्य संदेश, मेरठ। अवैध निर्माण की सूचना पर कैंट बोर्ड की टीम मंगलवार दोपहर करीब दो बजे सदर ढोलकी मोहल्ला स्थित जैन धर्मशाला में कार्रवाई करने पहुंची। आरोप है कि दुकान पर लगाए जा रहे शटर और अनाधिकृत निर्माण को रोकने पहुंची टीम का व्यापारी राकेश जैन और उनके साथियों ने विरोध किया और पत्थरबाजी कर दी। सूचना पर थाना सदर बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंची।

कैंट बोर्ड प्रशासन के अनुसार, धर्मशाला काफी पुरानी और जर्जर हालत में है। इसे खुर्द-बुर्द कर कमर्शियल अनाधिकृत निर्माण किया जा रहा है। इससे पहले भी निर्माणकर्ता को निर्माण न करने की हिदायत दी गई थी, लेकिन बार-बार चेतावनी के बाद भी निर्माण कार्य जारी था। सीईओ के निर्देश पर मंगलवार को टीम मौके पर पहुंची थी। वहीं राकेश जैन का कहना है कि वह नाली पर सुरक्षा के लिए पत्थर डाल रहे थे। विरोध की सूचना पर सदर व्यापार संगठन के जीतू नागपाल, पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष दिनेश गोयल और भाजपा नेता गौरव गोयल भी मौके पर पहुंचे। 

गौरव गोयल ने कहा कि व्यापारी का साथ देना गलत नहीं है, अवैध उगाही गलत है। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्रीय सिविल सेवा आचरण नियमावली, 1964 और लोकपाल-लोकायुक्त अधिनियम, 2013 के तहत कैंट बोर्ड के अधिकारी अपनी संपत्ति सार्वजनिक रूप से घोषित क्यों नहीं करते। उन्होंने चेतावनी दी कि 5-10 साल बाद जब सेंट्रल मार्केट जैसा हाल होगा तो नेता जवाब क्या देंगे।

उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने मेरठ में चिह्नित 16,726 अवैध निर्माणों पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं और कहा है कि अवैध निर्माण हमेशा अवैध होता है। इसी कड़ी में कैंट बोर्ड ने हाल ही में सीईओ जाकिर हुसैन के निर्देश पर कई जगह ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।  

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here