Breaking

Your Ads Here

Saturday, October 3, 2026

शोभित विश्वविद्यालय में उद्यमिता, नवाचार और नई सोच पर सीएक्सओ टॉक

 


डा. अभिषेक डबास

नित्य संदेश, मेरठ। विद्यार्थियों को उद्योग जगत के व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ने के उद्देश्य से नाइस स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज, शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ द्वारा शोभित विश्वविद्यालय सीएक्सओ संवाद श्रृंखला के अंतर्गत एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया।


सत्र में वाइल्ड ओक के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंबर राज ने विद्यार्थियों के साथ उद्यमिता, नवाचार और जोखिम उठाने की क्षमता विषय पर संवाद किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए अवसरों की पहचान, नए विचारों को विकसित करने, चुनौतियों का सामना करने तथा सोच-समझकर जोखिम लेने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। अंबर राज ने कहा कि सफल उद्यमिता के लिए केवल एक अच्छा विचार पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे वास्तविक रूप देने के लिए साहस, धैर्य, निरंतर सीखने और सही निर्णय लेने की क्षमता आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नई सोच के साथ आगे बढ़ने और चुनौतियों को सीखने के अवसर के रूप में लेने के लिए प्रेरित किया।



इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) वी. के. त्यागी ने कहा कि विद्यार्थियों को कक्षा की शिक्षा के साथ वास्तविक जीवन और उद्योग जगत के अनुभवों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। ऐसे संवाद विद्यार्थियों में नई सोच, आत्मविश्वास और व्यावहारिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होते हैं। प्रो. (डॉ.) क्षमत्ता चौहान, निदेशक, नाइस स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज ने कहा कि ऐसे संवाद विद्यार्थियों को उद्योग और व्यवसाय की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर देते हैं तथा उनमें नई सोच, नेतृत्व क्षमता और उद्यमशील दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


डॉ. अभिषेक कुमार, निदेशक, विश्वविद्यालय प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ ने कहा कि विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता केवल विषयगत ज्ञान से नहीं, बल्कि समस्या समाधान, रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लेने की क्षमता से भी मजबूत होती है। ऐसे संवाद विद्यार्थियों को भविष्य की कार्यस्थलीय चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण हैं। सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक संवाद में भाग लिया और उद्यमिता एवं व्यवसाय से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। 


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ तथा इसका सफल संचालन डॉ. नेहा यजुर्वेदी, एसोसिएट प्रोफेसर, नाइस स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार गुप्ता, निदेशक, आईक्यूएसी, डॉ. नेहा वशिष्ठ, निदेशक, आउटरीच, तथा डॉ. संदीप कुमार, निदेशक, कंप्यूटर साइंस विभाग सहित विभिन्न विभागों के निदेशक, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here