आईआईटी दिल्ली सहित अन्य संस्थानों के छात्रों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने नमो भारत प्रणाली की कार्यप्रणाली को करीब से समझा, विशेष रूप से मल्टीमॉडल एकीकरण और महिला-नेतृत्व वाले विकास पर रहा फोकस
नित्य संदेश ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में सुशासन के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे राष्ट्रव्यापी उत्सव के तहत एनसीआरटीसी ने आज सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर ‘रिफॉर्म्स उत्सव’ पहल के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में आईआईटी दिल्ली और अन्य संस्थानों के छात्रों के साथ-साथ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भाग लिया।
इस सत्र का उद्देश्य प्रतिभागियों को नमो भारत प्रणाली की कार्यप्रणाली, इसकी प्रमुख विशेषताओं, सामाजिक-आर्थिक प्रभाव, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल और यात्रा संबंधी दिशा-निर्देशों से अवगत कराना था। प्रतिभागियों ने भारत की पहली सेमी-हाई-स्पीड रीजनल रेल प्रणाली के संचालन को करीब से देखा। उन्होंने सराय काले खां स्टेशन पर मल्टीमॉडल इंटीग्रेशन को देखा, जहाँ ट्रैवेलेटर से लैस एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी और मेट्रो स्टेशन को निर्बाध रूप से जोड़ता है। एनसीआरटीसी टीम ने इंटरैक्टिव चर्चा और स्टेशन टूर के माध्यम से सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने वाली प्रणालियों के बारे में बताया। प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि कैसे महिलाएं इस परिवर्तन का नेतृत्व कर रही हैं - ट्रेन ऑपरेटर, स्टेशन कंट्रोलर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर महिलाएं कुशलता से कार्य कर रही हैं। महिला कोच और सुरक्षित यात्रा के अन्य प्रबंधों की भी सराहना की गई।
छात्रों ने स्टेशन कंट्रोल रूम (एससीआर) का दौरा किया, जहां उन्हें स्टेशन संचालन और आधुनिक प्रणालियों के बारे में जानकारी दी गई। सुरक्षा अधिकारियों ने एआई-सक्षम लगेज स्कैनर और डुअल-व्यू एक्स-रे सिस्टम जैसी उन्नत सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में बताया। सुरक्षा के लिए प्रत्येक ट्रेन में महिला कोच, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित सीटें, सीसीटीवी निगरानी, बेहतर लाइटिंग और लास्ट माइल कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं की जानकारी दी गई। लिफ्ट, एस्केलेटर और ट्रैवेलेटर जैसी सुविधाओं से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने नमो भारत ट्रेन में यात्रा कर इसकी सुविधाओं का प्रत्यक्ष अनुभव भी किया।


No comments:
Post a Comment