ई-स्पोर्ट्स में अभिनव तोमर ने जीता स्वर्ण पदक, ताइक्वांडो में कशिश ने हासिल किया रजत पदक
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विद्या विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने आईआईटी कानपुर में आयोजित एशिया के सबसे बड़े कॉलेज खेल महोत्सव उद्घोष-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन आईआईटी कानपुर में किया गया। उद्घोष के 22वें संस्करण में देशभर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में विद्या विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। विश्वविद्यालय के बीए इंग्लिश द्वितीय वर्ष के छात्र अभिनव तोमर ने ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं, बीबीए तृतीय वर्ष की छात्रा कशिश ने ताइक्वांडो प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल कर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के चांसलर प्रदीप कुमार जैन, प्रो-चांसलर विशाल जैन, वाइस चांसलर डॉ. हीरेन दोशी तथा स्पोर्ट्स ऑफिसर गंधर्व रस्तोगी ने दोनों पदक विजेताओं को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां अन्य छात्रों को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं। यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, लगन, अनुशासन और खेल भावना का प्रतीक है। विद्या विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है। इन उपलब्धियों से विश्वविद्यालय परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment