नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि. (पीवीवीएनएल) द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। डिस्कॉम मुख्यालय मेरठ परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान से हुआ।
कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक (आईएएस) रवीश गुप्ता ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री ने अपना जीवन राष्ट्र सेवा एवं देश के उत्थान के लिए समर्पित किया। हमें गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के सिद्धांतों तथा शास्त्री की सादगी एवं कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग का जुड़ाव सीधे तौर पर समाज के हर वर्ग, हर घर और हर उपभोक्ता से है, इसलिए उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोपरि रखना विभाग का परम कर्तव्य है। सभी सम्मानित उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर सामूहिक स्वच्छता शपथ का आयोजन किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति सदैव सजग रहने और इसके लिए नियमित समय देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान डिस्कॉम मुख्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को प्रबंध निदेशक द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) आयुष कालिया, निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन, निदेशक (तकनीकी) एनके मिश्र, निदेशक (वित्त) स्वतंत्र कुमार तोमर, महाप्रबंधक (लेखा) अगित रोहिला, मुख्य अभियंता मो. सगीर, मुख्य अभियंता राजेश कुमार, मुख्य अभियंता रजनीकांत मिश्र, अधीक्षण अभियंता अभिषेक श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता सोनू रस्तोगी, अधीक्षण अभियंता राहुल शर्मा, अर्जुन अवार्डी एवं स्पोर्ट्स ऑफिसर अलका तोमर, अवर अभियंता सुनील कुमार, अवर अभियंता विजेन्द्र सिंह, दिलमणि थपलियाल, मांगेराम आदि उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment